नई दिल्ली: बजट सत्र के दौरान राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महत्वपूर्ण संबोधन दिया. उन्होंने कहा कि भारत अब वैश्विक दक्षिण की अग्रणी आवाज बन चुका है. पीएम मोदी ने जोर देकर बताया कि भारत ने हाल के समय में 9 बड़े व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं, जो देश की मजबूत आर्थिक स्थिति को दिखाते हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया अब ग्लोबल साउथ की बात कर रही है, लेकिन भारत इसकी बुलंद आवाज बन गया है. विकासशील देशों की चिंताओं, जरूरतों और अधिकारों को वैश्विक मंचों पर भारत मजबूती से उठा रहा है. पीएम मोदी ने बताया कि नई विश्व व्यवस्था में झुकाव भारत की तरफ है. भारत चुनौतियों का समाधान देने वाला देश बन रहा है और दुनिया के लिए आशा की किरण है.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत भविष्य के लिए तैयार व्यापार समझौते कर रहा है. हाल ही में 9 प्रमुख व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं. इनमें यूरोपीय संघ (27 देशों) के साथ सबसे बड़ा समझौता शामिल है, जिसे 'मदर ऑफ ऑल ट्रेड डील्स' कहा जा रहा है. अमेरिका के साथ भी व्यापार समझौते से 'मेड इन इंडिया' उत्पादों पर टैरिफ कम होकर 18% रह गया है. इससे निर्यात बढ़ेगा और अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी.
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत में उच्च विकास दर और कम मुद्रास्फीति का अनोखा संयोजन है. बड़े अर्थव्यवस्थाओं में भारत सबसे तेजी से बढ़ रहा है. पहले भारत 'फ्रेजाइल फाइव' में गिना जाता था, लेकिन अब दुनिया भारत के साथ व्यापार समझौते करने को उत्सुक है. पीएम ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि पहले कोई देश भारत के साथ डील करने को तैयार नहीं था.
बजट सत्र कुल 65 दिनों में 30 बैठकों के साथ चलेगा. यह 2 अप्रैल को समाप्त होगा. दोनों सदन 13 फरवरी को अवकाश के लिए स्थगित होंगे और 9 मार्च को फिर शुरू होंगे. इस दौरान स्थायी समितियां विभिन्न मंत्रालयों के अनुदान अनुरोधों की जांच करेंगी. First Updated : Thursday, 05 February 2026