आज PM मोदी के साथ पूरे मंत्रिमंडल की बैठक, तेल संकट पर चर्चा या फिर कैबिनेट विस्तार का इंतजार?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 4 बजे पूरे मंत्रिमंडल के साथ अहम बैठक करने जा रहे हैं, जिसमें सभी मंत्रियों को दिल्ली में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पूरे मंत्रिमंडल के साथ अहम बैठक करने वाले हैं. सभी कैबिनेट मंत्रियों, राज्य मंत्रियों को दिल्ली में ही रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं. शाम 4 बजे सेवा तीर्थ में होने वाली इस बैठक को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है.

बैठक क्यों है खास?

यह इस साल मंत्री परिषद की पहली बड़ी बैठक है. हाल ही में पीएम मोदी 5 देशों की विदेश यात्रा से लौटे हैं. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष, तेल की कमी की आशंका और इसके भारत पर पड़ने वाले असर की समीक्षा की जाएगी. सरकार पहले ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में एक हाई पावर ग्रुप बना चुकी है, जो स्थिति पर नजर रख रहा है.

तेल संकट और जनता से अपील

हाल के दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में दो बार बढ़ोतरी हो चुकी है. ईंधन की कमी की आशंकाओं के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने पहले ही लोगों से वर्क फ्रॉम होम (WFH) करने और ऑनलाइन क्लासेस लेने की अपील की थी. उन्होंने अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या भी घटा दी है.

कैबिनेट विस्तार की चर्चा

बैठक में कैबिनेट विस्तार और मंत्रिमंडल फेरबदल पर भी मंथन हो सकता है. कुछ रिपोर्ट्स में जून के दूसरे सप्ताह में बदलाव की संभावना जताई गई थी. सरकार मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा कर रही है. हालांकि, भाजपा ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. 

इन मुद्दों पर होगी चर्चा

मीटिंग में ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, विमानन, जहाजरानी और रसद जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर खास फोकस रहने की उम्मीद है. विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी और उन्हें और बेहतर तरीके से लागू करने की रणनीति पर बात हो सकती है.

पश्चिम एशिया के संकट से आम नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए सभी मंत्रालयों को दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं. प्रधानमंत्री मोदी इस बैठक में मौजूदा चुनौतियों से निपटने की सरकार की तैयारियों पर जोर दे सकते हैं.

आम जनता पर क्या असर?

देश में तेल संकट की आशंका के बीच यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. अगर कैबिनेट विस्तार या कोई बड़ा फैसला होता है तो वह देश की राजनीति और प्रशासन पर असर डालेगा. सभी की निगाहें आज शाम होने वाले ऐलानों पर टिकी हुई हैं. सरकार के फैसलों से पेट्रोल-डीजल की कीमतों, रोजमर्रा की जरूरतों और अर्थव्यवस्था पर क्या प्रभाव पड़ता है, यह देखना दिलचस्प होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो