उत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर, देहरादून-नैनीताल समेत कई जिलों में हीट स्ट्रोक का अलर्ट
उत्तराखंड में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए हीट स्ट्रोक का अलर्ट जारी किया है.

देहरादून: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. देहरादून और हरिद्वार में बुधवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया. तेज धूप, गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए अगले 48 घंटों का हीट स्ट्रोक अलर्ट जारी किया है.
देहरादून में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री ज्यादा है. दोपहर के समय गर्म हवाओं और झुलसा देने वाली धूप के कारण बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला. लोग घरों से निकलते समय सिर और चेहरे को कपड़ों से ढंकने के साथ सन ग्लासेज का सहारा लेते नजर आए.
अगले 48 घंटे बेहद अहम
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि हरिद्वार, देहरादून, उधमसिंह नगर, नैनीताल, पौड़ी और उत्तरकाशी जिलों के लिए हीट स्ट्रोक का अलर्ट जारी किया गया है. उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में राहत मिलने की संभावना नहीं है. इसके बाद पारे में दो से तीन डिग्री की हल्की गिरावट आ सकती है.
अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़
भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है. अस्पतालों के इमरजेंसी वार्ड और ओपीडी में डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त, तेज बुखार, चक्कर और हीट स्ट्रोक से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है.
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. कुमार जी कौल ने कहा कि बच्चे और बुजुर्ग इस प्रचंड गर्मी से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने सलाह दी कि “बेहद जरूरी होने पर ही दोपहर में बाहर निकले और लगातार ओआरएस या पानी पीएं.”
स्कूलों में 'वॉटर बेल' पर जोर
शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने सभी स्कूलों को छात्रों को समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हीट वेव को देखते हुए स्कूलों में ‘वॉटर बेल’ व्यवस्था लागू करने को कहा है.
उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में पीने के पानी, जरूरी दवाइयों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि बच्चों को गर्मी से बचाया जा सके.
दिल्ली और उत्तर भारत भी लू की चपेट में
राजधानी दिल्ली में भी गर्मी का प्रकोप जारी है. मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है.
वहीं, उत्तर प्रदेश का बांदा जिला 48 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया.


