मेरठ यूनिवर्सिटी हॉस्टल में MBA छात्रा की मौत, कमरे का दरवाजा खुलते ही मचा हड़कंप
मेरठ की IIMT यूनिवर्सिटी में MBA छात्रा अनु गुप्ता की हॉस्टल बिल्डिंग से गिरकर मौत हो गई. पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है. घटना के बाद परिवार ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए, जबकि छात्रों ने हॉस्टल व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन किया.

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 23 वर्षीय MBA छात्रा मृत अवस्था में हॉस्टल परिसर में मिली. पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि घटना के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है.
मृतक छात्रा की पहचान अनु गुप्ता के रूप में हुई है, जो यूनिवर्सिटी में फाइनल ईयर MBA की छात्रा थीं. बताया गया कि वह यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित डॉ. सरोजिनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थीं. घटना के बाद परिवार ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
हॉस्टल की लॉबी में मिला छात्रा का शव
पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह हॉस्टल के सफाई कर्मचारी ने लॉबी में छात्रा का शव पड़ा देखा. इसके बाद तुरंत कॉलेज प्रशासन को सूचना दी गई. आनन-फानन में छात्रा को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस का कहना है कि छात्रा की मौत हॉस्टल की बिल्डिंग से गिरने के कारण हुई है.
पुलिस को आत्महत्या की आशंका
सदर सर्किल अधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी तक इसके पीछे की वजह सामने नहीं आई है. पुलिस के अनुसार, छात्रा के चेहरे पर गंभीर चोटें थीं. वह हाल ही में अपने गृह जनपद सहारनपुर से वापस हॉस्टल लौटी थीं. घटना के बाद पुलिस ने हॉस्टल वार्डन और सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ की है. वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
बहन से सुबह हुई थी आखिरी बातचीत
मृतक छात्रा की बड़ी बहन तनु ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे उनकी अनु से फोन पर बात हुई थी. इस दौरान अनु ने कहा था कि वह कुछ फाइल से जुड़ा काम पूरा करने के बाद एक शिक्षक से मिलने जाएंगी. परिवार का कहना है कि बाद में अनु की रूममेट ने फोन उठाकर बताया कि वह कमरे में नहीं हैं और हॉस्टल में एक छात्रा की मौत हो गई है.
परिवार ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर उठाए सवाल
परिजनों ने आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने समय पर सही जानकारी नहीं दी. उन्होंने यह भी दावा किया कि अस्पताल में छात्रा को क्या इलाज दिया गया, इस बारे में भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई. परिवार ने यह आरोप भी लगाया कि उन्हें घटना स्थल की CCTV फुटेज नहीं दिखाई गई.
छात्रों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद यूनिवर्सिटी के बाहर छात्रों ने प्रदर्शन किया. छात्रों ने हॉस्टल व्यवस्था और प्रशासन के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई.
यूनिवर्सिटी ने क्या कहा?
यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार वी पी राकेश ने बयान जारी करते हुए कहा, सहारनपुर की रहने वाली और आईआईएमटी विश्वविद्यालय के डॉ. सरोजिनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल में रह रही एमबीए की अंतिम वर्ष की छात्रा अनु गुप्ता की बुधवार सुबह हॉस्टल की इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई. विश्वविद्यालय पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहा है.


