नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया है. यह नियुक्ति बीजेपी के संगठन में नई ऊर्जा और रणनीतिक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. लोकसभा चुनाव 2024 में पार्टी की जीत के बाद जब जेपी नड्डा को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया, तो संगठन में नए अध्यक्ष की तलाश की जा रही थी, और अंततः नितिन नबीन को यह जिम्मेदारी सौंपी गई.
कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं
आपको बता दें कि बीजेपी और जेडीयू के कई वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नबीन को बधाई दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई नेताओं ने इस नियुक्ति पर उन्हें शुभकामनाएं दीं. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में नितिन नबीन की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक कर्मठ कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने संगठन और जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है.
नितिन नबीन एक और मेहनती नेता
पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन एक युवा और मेहनती नेता हैं, जिनके पास संगठनात्मक अनुभव भी है. बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य प्रभावी रहा है और उन्होंने जनआकांक्षाओं को पूरा करने में पूरी ईमानदारी और मेहनत दिखाई है. प्रधानमंत्री ने नितिन नबीन के विनम्र स्वभाव और जमीन से जुड़ाव की भी प्रशंसा की, जो उन्हें संगठन और जनता दोनों के बीच स्वीकार्य बनाता है.
जनता और संगठन के बीच सेतु
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि नितिन नबीन केवल पदों तक सीमित रहने वाले नेता नहीं हैं. वे सीधे जनता के बीच जाकर काम करने में विश्वास रखते हैं, यही वजह है कि उनका जनसंपर्क और संगठनात्मक अनुभव दोनों ही पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं. पीएम मोदी ने भरोसा जताया कि नितिन नबीन की ऊर्जा, मेहनत और प्रतिबद्धता आने वाले समय में बीजेपी को और अधिक सशक्त बनाएगी.
उनका अनुभव पार्टी के लिए बेहद उपयोगी
प्रधानमंत्री ने युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की पार्टी की प्राथमिकता पर जोर देते हुए कहा कि नितिन नबीन इस दृष्टिकोण के अनुरूप हैं. संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने में उनका अनुभव पार्टी के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा. अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की. यह स्पष्ट संकेत है कि पार्टी नेतृत्व को नितिन नबीन से भविष्य में बड़ी उम्मीदें हैं और उन्हें संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
First Updated : Sunday, 14 December 2025