'लॉरेंस ऑफ पंजाब' पर रोक के बाद बिश्नोई गैंग की धमकी! जानें क्या है पूरा मामल

बिश्नोई गैंग ने कसम खाई है कि वह डॉक्यूमेंट्री "किसी भी कीमत पर रिलीज" करेगा और हिंसा की चेतावनी भी दी है। धमकी में कहा गया है कि अब यह ग्रुप पैसे की मांग नहीं करेगा, बल्कि गोलियों और बमों के जरिए हिंसा करेगा।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: डॉक्यू-सीरीज 'लॉरेंस ऑफ पंजाब' की रिलीज पर रोक लगने के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने धमकी दी है। गैंग ने दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह और पंजाब के कई नेताओं-अधिकारियों को निशाना बनाया है।

बिश्नोई गैंग ने फिर दी धमकी 

बिश्नोई गैंग ने कसम खाई है कि वह डॉक्यूमेंट्री "किसी भी कीमत पर रिलीज" करेगा और हिंसा की चेतावनी भी दी है। धमकी में कहा गया है कि अब यह ग्रुप पैसे की मांग नहीं करेगा, बल्कि गोलियों और बमों के जरिए हिंसा करेगा। गैंग ने जिन लोगों के नाम लिए हैं, उनसे कहा गया है कि वे “अपने कफन तैयार रखें।”

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बलकौर सिंह के अलावा धमकी में पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा, पंजाब के DGP गौरव यादव, गुरमीत सिंह मीत हेयर जिन्हें गुरमीत बबलू भी कहा जाता है, शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और एडवोकेट जनरल मनिंदरजीत सिंह बेदी के नाम शामिल हैं।

केंद्र सरकार ने लगाई रोक! 

ये धमकियां तब सामने आईं जब ZEE5 ने दिल्ली हाई कोर्ट को बताया कि केंद्र सरकार ने उन्हें डॉक्यू-सीरीज रिलीज न करने की सलाह दी है। यह सीरीज 27 अप्रैल को स्ट्रीम होने वाली थी। जस्टिस पुरुषेंद्र कुमार कौरव लॉरेंस बिश्नोई की याचिका पर सुनवाई कर रहे थे।

बिश्नोई ने रिलीज के खिलाफ कोर्ट में अर्जी लगाई थी। प्लेटफॉर्म के वकील ने कोर्ट को बताया कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक एडवाइजरी जारी कर रिलीज की प्रक्रिया आगे न बढ़ाने को कहा था। इसके बाद कोर्ट ने सुनवाई सोमवार तक टाल दी।

पंजाब पुलिस ने जताई थी आपत्ति  

गौरतलब है कि इससे पहले पंजाब पुलिस ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर रिलीज रोकने का आग्रह किया था। पुलिस ने चेतावनी दी थी कि इस तरह की सामग्री सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा पैदा कर सकती है और युवाओं को अपराध या गैंग से जुड़ी गतिविधियों की ओर धकेल सकती है। शो के निर्माताओं ने कहा कि यह शो संस्कृति, व्यवस्थाओं और सार्वजनिक पहचान के नजरिए से एक अपराधी की यात्रा को दिखाता है।

इसमें लॉरेंस बिश्नोई को छात्र राजनीति, संगीत, विचारधारा और मीडिया द्वारा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए जाने से जुड़ी एक 'केस स्टडी' के तौर पर दिखाया गया है। 33 साल का बिश्नोई फिलहाल गुजरात की जेल में बंद है। उस पर कई आपराधिक मामले चल रहे हैं। वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मुख्य आरोपियों में से एक है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो