'भारत में लोकतंत्र पर हमला', कोलंबिया में राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, BJP ने बताया शर्मनाक
राहुल गांधी ने कोलंबिया में मोदी सरकार और BJP-RSS पर हमला करते हुए कहा कि भारत में लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है और विविधता के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही.

Rahul Gandhi: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कोलंबिया की EIA यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि आज भारत के सामने सबसे बड़ा खतरा उसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला है. राहुल गांधी ने देश में मौजूद 'संरचनात्मक खामियों' की ओर ध्यान दिलाते हुए जोर दिया कि भारत की विविध परंपराओं और संस्कृतियों को फलने-फूलने का पूरा अवसर मिलना चाहिए.
राहुल गांधी ने कहा कि भारत में इंजीनियरिंग और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों में मजबूत क्षमताएं हैं, जो मुझे भविष्य को लेकर बहुत आशावादी बनाती हैं. लेकिन संरचना में कुछ खामियां हैं जिन्हें सुधारने की आवश्यकता है. सबसे बड़ा खतरा भारत में लोकतंत्र पर जारी हमला है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर लोकतंत्र को कमजोर किया गया तो यह देश की विविधता और परंपराओं के लिए बड़ा जोखिम बन सकता है.
लोकतंत्र और विविधता का महत्व
राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र ही विविधता को संरक्षित करने का सबसे बड़ा माध्यम है. भारत में कई धर्म, परंपराएं और भाषाएं हैं. यह देश असल में इन सभी लोगों और संस्कृतियों के बीच संवाद का नाम है. विविधता के लिए जगह आवश्यक है और लोकतंत्र ही वह माध्यम है जो इसे सुनिश्चित करता है. लेकिन फिलहाल लोकतंत्र पर पूरी तरह हमला हो रहा है, और यह एक बड़ा खतरा है.
Congress MP Loksabha & Leader of Opposition Shri Rahul Gandhi Lecture The Future is Today.
— Indian Overseas Congress (@INCOverseas) October 2, 2025
📍EIA University, Columbia@RahulGandhi @INCIndia @sampitroda pic.twitter.com/9v8Xs0sTv9
उन्होंने यह भी कहा कि देश में विभिन्न विचारों के बीच तनाव भी एक जोखिम उत्पन्न करता है. देश में 16-17 प्रमुख भाषाएं हैं और कई धर्म हैं. इन परंपराओं को फलने-फूलने की पूरी जगह देना आवश्यक है.
BJP-RSS पर निशाना: 'कायरता की विचारधारा'
राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी हमला किया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी विचारधारा कायरता पर आधारित है. BJP-RSS का स्वभाव यही है. उदाहरण के लिए, विदेश मंत्री ने कहा था, 'चीन हमसे बहुत शक्तिशाली है, हम उनसे लड़ाई कैसे करें?' उनकी विचारधारा की जड़ में यही कायरता है.
BJP का पलटवार: विदेश में भारत का अपमान
राहुल गांधी के बयान के बाद सत्तारूढ़ BJP ने उन्हें निशाना बनाया. पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने X (पूर्व Twitter) पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने फिर से विदेश में भारत का अपमान किया. लंदन से अमेरिका और अब कोलंबिया तक, कभी वे भारत के लोकतंत्र को कलंकित करते हैं, कभी हमारे संविधान और संस्थाओं पर कीचड़ उछालते हैं. गौरव भाटिया ने आगे कहा कि सत्ता में ना होना अलग बात है, लेकिन देशभक्ति खो देना शर्मनाक है. BJP का विरोध कर सकते हैं, लेकिन मातृभूमि का अपमान नहीं.


