अब त्योहारों पर सफर करना होगा आसान... रेल मंत्री का तोहफा, आने-जाने का टिकट एक साथ लेने पर मिलेगी 20% की छूट

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ कम करने और यात्रा को सस्ता और आरामदायक बनाने के लिए 'राउंड ट्रिप पैकेज' शुरू किया है, जिसमें आने और जाने के टिकट एक साथ बुक करने पर 20% छूट मिलेगी.

Simran Sachdeva

Round Trip Package: देशभर में त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जाती है, जहां कई बार यात्रियों को घंटों खड़े होकर सफर करना पड़ता है. जिसे ध्यान में रखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक नई योजना शुरू की है, जिसका नाम है 'राउंड ट्रिप पैकेज'. इस योजना के तहत अगर कोई यात्री आने और जाने दोनों टिकट एक साथ बुक करता है तो उसे वापसी के टिकट पर 20 प्रतिशत की आकर्षक छूट मिलेगी. इससे ना केवल यात्रियों को सस्ती यात्रा का लाभ मिलेगा बल्कि भीड़ को अलग-अलग दिनों में बांटकर सफर को आरामदायक बनाया जा सकेगा.

भारतीय रेलवे ने त्योहारों के इस व्यस्त सीजन में टिकट की किल्लत और भीड़ को कम करने के लिए इस योजना को लॉन्च किया है. 'राउंड ट्रिप पैकेज फॉर फेस्टिवल रश' का मकसद यात्रियों को दोनों दिशाओं की यात्रा के लिए टिकट सस्ते दामों पर उपलब्ध कराकर भीड़ प्रबंधन में मदद करना है. आइए जानते हैं इस योजना के सभी अहम पहलू.

राउंड ट्रिप पैकेज की खास बातें

  • अगर कोई यात्री आने और वापस जाने का टिकट एक साथ बुक करता है, तो वापसी की यात्रा के बेस किराए पर 20% की छूट दी जाएगी.

  • ये छूट केवल उन्हीं यात्रियों को मिलेगी जिनका नाम और विवरण दोनों टिकटों में समान होगा.

  • दोनों टिकटों का होना चाहिए एक ही क्लास और एक ही स्टेशन जोड़ी (Origin-Destination Pair).

  • आने का टिकट 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच की यात्रा के लिए बुक होना चाहिए, जबकि वापसी का टिकट 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच के लिए होना अनिवार्य है.

किन बातों का रखें ध्यान?

  • पहले आने का टिकट बुक करना अनिवार्य है, उसके बाद ही वापसी का टिकट कनेक्टिंग जर्नी फीचर से बुक किया जा सकेगा.

  • वापसी के टिकट पर एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) लागू नहीं होगा.

  • दोनों टिकटों का कन्फर्म होना आवश्यक है.

  • टिकटों में कोई संशोधन (Modification) संभव नहीं होगा, और रिफंड की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी.

  • रिटर्न टिकट पर कोई अन्य छूट, वाउचर, पास या रेल ट्रैवल कूपन लागू नहीं होंगे.

  • ये योजना सभी क्लास और ट्रेनों में लागू है, जिसमें स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं, लेकिन फ्लेक्सी फैर वाली ट्रेनों पर ये लागू नहीं होगी.

  • दोनों टिकट एक ही माध्यम से बुक किए जाएंगे – ऑनलाइन या काउंटर से.

  • चार्ट बनने के बाद किराए में अंतर आने पर अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा.

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का मानना है कि इस योजना से त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को अलग-अलग तारीखों में फैलाया जा सकेगा, जिससे ट्रेनों का दोतरफा उपयोग होगा और यात्रियों को टिकट मिलना आसान होगा. रेलवे प्रशासन ने इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए मीडिया, प्रेस और स्टेशनों पर विशेष निर्देश जारी किए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag