दिल्ली समेत उत्तर भारत में 5 दिन मौसम बिगड़ेगा, IMD ने जारी किया अलर्ट
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत में अगले 5 दिनों तक बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि की भी संभावना है.

देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए अगले पांच दिनों तक बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत कई इलाकों में 10 से 14 मई के बीच मौसम खराब रहने की संभावना है. इस दौरान मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है.
पहाड़ी राज्यों में मौसम का असर ज्यादा
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर ज्यादा देखने को मिलेगा. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 11 और 12 मई को बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12 और 13 मई को ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों में 11 से 15 मई तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम बदलेगा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 और 13 मई, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 और 14 मई को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. राजस्थान के कई हिस्सों में 11 और 12 मई को बारिश की संभावना है. हालांकि राज्य के पश्चिमी हिस्सों और गुजरात में गर्मी का असर बना रहेगा. पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में 10 से 14 मई तक लू चलने का अनुमान है, जबकि पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी तेज गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं.
दक्षिण भारत में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज
दक्षिण भारत में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज हो गई हैं. केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले सात दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इन राज्यों में बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रहेगा. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
आवश्यक सावधानी बरतने की अपील
इसके अलावा, बंगाल की खाड़ी में अगले 48 घंटों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसका असर आने वाले दिनों में पूर्वी और दक्षिणी भारत के मौसम पर पड़ सकता है. मौसम विभाग ने लोगों से ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है.


