जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर, पुंछ में बादल फटने और भूस्खलन से एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बादल फटने के बाद हुए भूस्खलन से एक मकान ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया.

calender

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. वहीं पुंछ जिले के लोरन क्षेत्र में सोमवार बादल फटने के बाद हुए भूस्खलन ने बड़ा हादसा कर दिया पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें एक रिहायशी मकान पर आ गिरीं, जिससे घर पूरी तरह ढह गया. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई.

राहत-बचाव कार्य किया गया शुरू 

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे. अचानक आए मलबे और बड़े पत्थरों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान शुरू किया गया.

हादसे पर भाजपा के वरिष्ठ नेता रविंदर रैना ने भी शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही.

पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश 

लोरन की यह घटना पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में हुई कई बारिश संबंधी घटनाओं में सबसे गंभीर मानी जा रही है. प्रशासन के मुताबिक, राजौरी और पुंछ जिलों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से अलग-अलग स्थानों पर कई हादसे हुए हैं. इन घटनाओं में अब तक बड़ी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है. क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मौतों के आंकड़े ने हालात की गंभीरता को और स्पष्ट कर दिया है. 

मूसलाधार बारिश के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं, नदियां और नाले उफान पर हैं, जबकि कई गांवों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है. कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है

नदी-नालों से दूर रहने की अपील 

मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है. इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है. इसके साथ ही, स्थानीय लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है. लगातार हो रही बारिश और प्राकृतिक आपदाओं ने पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है. प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेजी से जारी है. First Updated : Monday, 20 July 2026