राजस्थान में रेत का कहर! दोपहर में छाया अंधेरा, गाड़ियों की लाइट जलाकर निकले लोग

राजस्थान के चूरू और श्रीगंगानगर में शनिवार को तेज रेतीले बवंडर ने दिन में अंधेरा कर दिया, जिससे यातायात और जनजीवन प्रभावित हुआ. करीब 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी के बाद हुई बारिश से तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

जयपुर: राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक ऐसा करवट बदली कि लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. चूरू और श्रीगंगानगर में करीब दो बजे के आसपास तेज धूलभरी आंधी ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते आसमान में रेत और धूल का इतना बड़ा गुबार उठ खड़ा हुआ कि दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया. सूरज पूरी तरह धूल की परतों के पीछे छिप गया और चारों तरफ धुंधला माहौल बन गया.

रेतीले तूफान ने थामी रफ्तार

तेज हवाओं के साथ उठे इस रेतीले तूफान ने लोगों की रफ्तार थाम दी. सड़कों पर चल रहे वाहन अचानक रुक गए क्योंकि दृश्यता बेहद कम हो गई थी. कई जगह हालात ऐसे बन गए कि कुछ मीटर दूर तक भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था. वाहन चालकों को मजबूरी में हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा. बाजारों और सड़कों पर मौजूद लोग सुरक्षित जगह तलाशने लगे, जबकि घरों में लोगों ने खिड़की-दरवाजे बंद कर खुद को धूल से बचाने की कोशिश की.

स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग के मुताबिक, यह सामान्य आंधी नहीं बल्कि बेहद तेज रेतीला बवंडर था. इस दौरान हवाओं की गति करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई. लगभग आधे घंटे तक यह धूलभरा तूफान लगातार आगे बढ़ता रहा और पूरे इलाके में हाहाकार जैसी स्थिति बनी रही. कई इलाकों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई और लोगों को अचानक बदले मौसम से परेशानी का सामना करना पड़ा.

हालांकि, इस डरावने मौसम के बाद राहत की खबर भी सामने आई. तेज धूलभरी आंधी के शांत पड़ते ही आसमान में बादलों ने डेरा डाल दिया. इसके बाद चूरू, श्रीगंगानगर और आसपास के कई क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई. कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया. पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को इससे काफी राहत मिली.

मौसम विभाग का क्या कहना है? 

मौसम विभाग का कहना है कि आंधी और बारिश के असर से तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है. जिन इलाकों में पारा लगातार 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था, वहां मौसम सुहावना हो गया. अचानक बदले इस मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन रेतीले तूफान का खौफ लंबे समय तक लोगों के मन में बना रहेगा.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो