झारखंड में बारिश और आकाशीय बिजली का कहर, 24 घंटे में 5 लोगों की मौत, राज्य में अलर्ट जारी

झारखंड में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए भारी तबाही मचा दी है. बता दें,  पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बिजली गिरने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है, जिसमें महिलाएं, एक किशोरी और एक युवक शामिल हैं.

Yashika Jandwani

रांची: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए भारी तबाही मचा दी है. बता दें,  पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. विभिन्न जिलों से मिली जानकारी के अनुसार, बिजली गिरने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है, जिसमें महिलाएं, एक किशोरी और एक युवक शामिल हैं. जबकि कुछ लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है. 

12 साल के बच्चे की गई जान

अधिकारियों के अनुसार, सबसे दुखद घटनाओं में से एक रांची जिले के इटकी क्षेत्र में हुई, जहां एक 12 वर्षीय लड़की की बिजली गिरने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह अपने माता-पिता के साथ आम तोड़ने गई थी तभी अचानक मौसम खराब हो गया और बिजली गिरने की चपेट में आ गई. हादसे में उसके माता-पिता भी घायल हुए है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

इसके अलावा गढ़वा जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक पुरुष की जान चली गई. वहीं धनबाद और बोकारो जिलों से भी एक-एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है. इस बीच लगातार हो रही बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल पैदा कर दिया है. 

कहां-कहां जारी की गई चेतावनी 

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार से शुरू हुआ बारिश का दौर शनिवार सुबह तक जारी रहा. वहीं बारिश के कारण तापमान में काफी बदलाव भी दर्ज किया गया है.  इसके साथ ही कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है.  हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी. अगले कुछ दिनों में तापमान दोबारा बढ़ने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग ने रांची, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, कोडरमा और गोड्डा समेत कई जिलों के लिए आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है. इसके साथ ही साथ ही किसानों और ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो