बाप के रूप में जल्लाद! शादी से किया इनकार तो पिता ने बेटी को उतारा मौत के घाट

झारखंड से दिल दहला देने वाला मामले सामने आए हैं. पहली घटना गढ़वा जिले की है जहां एक पिता ने अपनी ही बेटी की सिर्फ इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि उसने राजस्थान में शादी करने से मना कर दिया था.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

झारखंड: झारखंड से दिल दहला देने वाला मामले सामने आए हैं. पहली घटना गढ़वा जिले की है जहां एक पिता ने अपनी ही बेटी की सिर्फ इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि उसने राजस्थान में शादी करने से मना कर दिया था. वहीं दूसरी घटना जमशेदपुर की है जहां पुरानी रंजिश और पुलिस शिकायत वापस न लेने के दबाव को लेकर एक महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया.

 सोती हुई बेटी का घोंटा गला

गढ़वा जिले में सामने आई ऑनर किलिंग की इस खौफनाक वारदात की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह ने बताया कि आरोपी पिता निर्मल सिंह ने अपनी बेटी आकृति की शादी राजस्थान में तय की थी. इस सिलसिले में वह अपनी बेटी को लेने के लिए परती कुशवानी आया हुआ था. हालांकि, आकृति न तो राजस्थान जाना चाहती थी और न ही उस लड़के से शादी करने के लिए तैयार थी.

खौफनाक कदम

बेटी के इस फैसले से नाराज पिता निर्मल सिंह ने 16 मई की रात एक खौफनाक कदम उठाया. उसने सो रही आकृति की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लटकाकर सीधे राजस्थान फरार हो गया.

19 मई को खुला राज

हत्या के तीन दिन बाद, यानी 19 मई को जब निर्मल सिंह के बंद मकान से तेज दुर्गंध आने लगी तो स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब घर का ताला तुड़वाया तो अंदर आकृति का सड़ चुका शव बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने मृतका के भाई अविनाश कुमार सिंह के बयान के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया. 27 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी निर्मल सिंह अनुमंडलीय कोर्ट में जमानत की अर्जी देने के लिए आने वाला है. पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और खरौंधी थाना क्षेत्र के बजरमरवा से आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया.

महिला पर किया चापड़ से वार

दूसरी वारदात जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली गुरुद्वारा बस्ती की है. यहां बुधवार शाम को पुरानी रंजिश के चलते परविंदर कौर नामक महिला पर जानलेवा हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है.

क्या है पूरा विवाद?

11 मई को परविंदर कौर के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को पड़ोस में रहने वाले लक्की कौर के बेटे राजवीर सिंह ने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर तोड़ दिया था. इस संबंध में पीड़ित परिवार ने साकची थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. आरोपी पक्ष लगातार पीड़ित महिला पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था.

चापड़ से ताबड़तोड़ हमला

बुधवार शाम को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में फिर से विवाद बढ़ गया जिसके बाद लक्की कौर और राजवीर सिंह ने मिलकर परविंदर कौर पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में जुटी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो