ट्रेन के टॉयलेट में बर्तन धोता दिखा IRCTC स्टाफ, वायरल वीडियो के बाद मचा हड़कंप; FSSAI ने भेजा नोटिस

दुरंतो एक्सप्रेस में आईआरसीटीसी कर्मचारी का टॉयलेट में बर्तन धोते वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. मामले का संज्ञान लेते हुए FSSAI ने आईआरसीटीसी को नोटिस जारी किया है, जबकि IRCTC ने संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात कही है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे में खानपान और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में ट्रेन के अंदर आईआरसीटीसी का कर्मचारी टॉयलेट में बर्तन धोता नजर आ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई है और रेलवे की हाइजिन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

बताया जा रहा है कि यह वीडियो ट्रेन नंबर 12223 (LTT-ERS दुरंतो एक्सप्रेस) का है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैटरिंग स्टाफ ट्रेन के टॉयलेट के अंदर ही खाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को धो रहा है. इसी दौरान एक यात्री कर्मचारी को पकड़ लेता है और उससे सवाल करता दिखाई देता है. वीडियो वायरल होने के बाद अब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने मामले का संज्ञान लेते हुए आईआरसीटीसी को नोटिस जारी किया है.

वीडियो में क्या दिखा?

वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि ट्रेन के टॉयलेट के भीतर कई बर्तन रखे हुए हैं और आईआरसीटीसी कर्मचारी उन्हीं बर्तनों को टॉयलेट के पानी से साफ कर रहा है. वीडियो बनाने वाला यात्री इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाता है और रेलवे में यात्रियों को दिए जाने वाले खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता पर चिंता जताता है.

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने रेलवे और आईआरसीटीसी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर की है.

FSSAI ने जारी किया नोटिस

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, FSSAI ने इस मामले में आईआरसीटीसी को नोटिस जारी किया है. एजेंसी ने कहा कि यह फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड नियम 2011 के शेड्यूल-4 में निर्धारित स्वच्छता और साफ-सफाई के नियमों का उल्लंघन हो सकता है.

इन नियमों के तहत फूड बिजनेस ऑपरेटरों के लिए यह अनिवार्य है कि खाना बनाने, परोसने, बर्तन साफ करने और खाद्य सामग्री से जुड़े सभी कार्य स्वच्छ वातावरण में किए जाएं, ताकि किसी भी तरह के संक्रमण या गंदगी से बचा जा सके.

FSSAI के अनुसार, उसके संज्ञान में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो आया था, जिसमें ट्रेन नंबर 12223 में ऑनबोर्ड कैटरिंग सेवा से जुड़े कर्मचारी कथित तौर पर ट्रेन के टॉयलेट के अंदर बर्तन धोते दिखाई दे रहे हैं. इसी मामले में तथ्यात्मक स्पष्टीकरण और टिप्पणी मांगी गई है.

IRCTC ने दी सफाई

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए आईआरसीटीसी ने कहा कि उसे अब तक FSSAI की ओर से कोई आधिकारिक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है.

आईआरसीटीसी ने अपने बयान में कहा कि सभी मोबाइल कैटरिंग यूनिट्स निर्धारित नियमों और प्रावधानों के तहत संचालित होती हैं और इनके लिए FSSAI लाइसेंस रेलवे अधिकारियों की ओर से जारी किए जाते हैं.

संस्था ने यह भी बताया कि 24 मई 2026 को हुई इस घटना के बाद तत्काल कार्रवाई की गई थी. संबंधित सेवा प्रदाता पर जुर्माना लगाया गया और वीडियो में दिख रहे कर्मचारियों को ड्यूटी से हटा दिया गया.

'यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता'

आईआरसीटीसी ने कहा, 'यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. संस्था सख्त हाइजिन नियमों का पालन करती है और किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाती है.'

हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर रेलवे में यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन और उसकी गुणवत्ता को लेकर बहस छेड़ दी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो