राजस्थान: गुलाबी नगरी के मालवीय नगर से जगतपुरा रूट पर यातायात को सुगम बनाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण और जिला प्रशासन ने एक बड़ा संयुक्त अभियान शुरू किया है. नंदपुरी इलाके में सड़क चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासनिक अमले ने पूरी तैयारी के साथ मैदान संभाल लिया है. इस कार्रवाई के तहत सड़क की सीमा में आ रही नूरानी मस्जिद को सील कर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
3000 से अधिक जवान तैनात
इस संवेदनशील एंटी-एंक्रोचमेंट ड्राइव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जयपुर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. मौके पर 50 से अधिक प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में 3,000 से ज्यादा पुलिस जवानों को तैनात किया गया है. सुरक्षा के लिहाज से शहर के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला है. जिले के अधिकांश हिस्सों में एहतियातन इंटरनेट सेवाओं को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है.
सड़क को 30 से 80 फीट चौड़ा करने का लक्ष्य
मालवीय नगर से जगतपुरा तक रेलवे लाइन के समानांतर चलने वाली इस मुख्य सड़क को मौजूदा 25-30 फीट से बढ़ाकर निर्धारित 80 फीट किया जा रहा है. इस 80 फीट की सीमा में कुल पांच धार्मिक संरचनाएं आ रही हैं जिन्हें हटाया जाना तय हुआ है. इनमें एक मस्जिद, दो मंदिर, एक सत्संग हॉल और एक मजार शामिल हैं.
भड़काऊ पोस्ट पर पुलिस कमिश्नर की सख्त चेतावनी
जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि इस कानूनी कार्रवाई के दौरान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें. पुलिस भड़काऊ वीडियो बनाने या सोशल मीडिया पर तथ्यहीन सामग्री प्रसारित करने वालों पर कड़ी नजर रख रही है.
कार्रवाई पर शुरू हुई सियासी रार
कांग्रेस विधायक रफीक खान ने इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने दावा किया कि जिस नूरानी मस्जिद को प्रशासन हटाने की तैयारी कर रहा है, वह पूरी तरह से बिल्डिंग बायलॉज और तय नियमों के अनुसार निर्मित की गई थी. दूसरी तरफ प्रशासन का साफ कहना है कि यह कार्रवाई किसी भेदभाव के बिना, सिर्फ सड़क विकास के निर्धारित नियमों के तहत की जा रही है. First Updated : Monday, 08 June 2026