राजनाथ सिंह का पाकिस्तान पर बड़ा हमला, बोले- अब PoK के अलावा किसी मुद्दे पर नहीं होगी चर्चा

कारगिल विजय दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अब दोनों देशों के बीच बातचीत केवल पीओके के मुद्दे पर ही होगी. उन्होंने दोहराया कि भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता से कोई समझौता नहीं करेगा और किसी भी उकसावे का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.

calender

नई दिल्ली: 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर लद्दाख के द्रास पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि भारत अब पाकिस्तान के साथ केवल पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के मुद्दे पर ही बातचीत करेगा. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत की भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और पाकिस्तान को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. 

सुरक्षा से नहीं करेगा समझौता 

द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद राजनाथ सिंह ने सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान भविष्य में कोई भी दुस्साहस करता है तो उसे ऐसा जवाब मिलेगा जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की होगी.

पाकिस्तान को घेरते हुए कही ये बात 

रक्षा मंत्री ने आतंकवाद के मुद्दे पर भी पाकिस्तान को घेरते हुए कहा कि हाल के अभियानों ने यह साबित कर दिया है कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों और उनका समर्थन करने वालों के खिलाफ भारत निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जहां भारत आधुनिक तकनीक और विकास के लिए डेटा सेंटर स्थापित कर रहा है, वहीं पाकिस्तान कट्टरपंथ को बढ़ावा देने वाले केंद्र तैयार करने में लगा हुआ है.

कारगिल युद्ध के शहीदों को किया याद 

कारगिल युद्ध के शहीदों को याद करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 1999 में भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अद्भुत साहस और पराक्रम का परिचय दिया था. उन्होंने कहा कि कारगिल विजय भारत के गौरव का प्रतीक है और यह आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति एवं बलिदान की प्रेरणा देती रहेगी। उनके अनुसार, कारगिल विजय भारत माता के मुकुट में जड़े एक अनमोल हीरे के समान है.

वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि 

इससे पहले लद्दाख के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना, सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ, उत्तरी कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी है. इस दौरान भारतीय सेना के हेलीकॉप्टरों ने युद्ध स्मारक के ऊपर पुष्पवर्षा कर शहीदों को सम्मान दिया.

वहीं शनिवार शाम आयोजित 'शौर्य संध्या' कार्यक्रम में भी रक्षा मंत्री ने हिस्सा लिया. इस अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों को प्रतीकात्मक कलश सौंपकर उनके बलिदान को नमन किया गया. भारतीय सेना ऑपरेशन विजय की 27वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में द्रास में कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिनका उद्देश्य देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद करना है. First Updated : Sunday, 26 July 2026