Republic Day 2025: आज भारत अपने 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न मना रहा है. इस खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराया. समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो भी शामिल हुए. परेड सुबह 10:30 बजे शुरू हुई, जिसमें 10,000 से अधिक अतिथि उपस्थित रहे. समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करने से हुई.
कर्तव्य पथ पर दिखी सैन्य ताकत
आपको बता दें कि गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सेना की ताकत और संस्कृति का भव्य प्रदर्शन हुआ. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सेना की टुकड़ियों को सलामी दी. परेड में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी उपस्थित रहे. आसमान में फूलों की वर्षा और सेना की ताकत ने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया.
राफेल और सू-30 विमानों का अद्भुत प्रदर्शन
वहीं आपको बता दें कि परेड के दौरान छह राफेल विमानों ने वज्रांग फॉर्मेशन में उड़ान भरी. त्रिशूल फॉर्मेशन में तीन सू-30 विमानों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया. वहीं, विजय फॉर्मेशन में एक राफेल विमान 900 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरते हुए कर्तव्य पथ के ऊपर 300 मीटर की ऊंचाई पर दिखा. यह नज़ारा भारत की सैन्य ताकत का जीता-जागता सबूत था.