RSS ने प्रवेश वर्मा के नाम पर लगाई मुहर, दिल्ली CM बनने की संभावना
Delhi Assembly Election Results 2025: दिल्ली में बीजेपी की ओर से सीएम चेहरे को लेकर कई नामों की चर्चा को लेकर बैठकों का दौर जारी है. 27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी सत्ता में वापस लौटी है.

दिल्ली विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद बीजेपी के अगले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं. इस बीच, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सूत्रों से खबर आई है कि बीजेपी और RSS के बीच दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के रूप में प्रवेश वर्मा पर सहमति बन गई है. सूत्रों का दावा है कि 10 फरवरी, 2025 को उनका नाम फाइनल कर लिया गया है.
दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री के चयन को लेकर बीजेपी में हलचल बढ़ गई थी. पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 9 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. इसके अलावा, 8 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बीजेपी मुख्यालय में बैठक की थी, जिसमें दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री पर चर्चा हुई.
RSS ने लगाई प्रवेश वर्मा के नाम पर मुहर
बीजेपी ने चुनाव में विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों में प्रभावी बढ़त हासिल की है, इसलिए मुख्यमंत्री के उम्मीदवारों की सूची भी लंबी है. राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि बीजेपी दिल्ली में मुख्यमंत्री के चयन को बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखेगी.
सूत्रों का दावा- बनेंगे दिल्ली के अगले CM
जाट समुदाय के नेता और आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा का नाम चर्चा में है. इसके अलावा, सतीश उपाध्याय, विजेंद्र गुप्ता, आशीष सूद और पवन शर्मा जैसे बीजेपी के अनुभवी नेताओं का नाम भी सामने आ रहा है. हालांकि, बीजेपी का इतिहास ऐसा रहा है कि वह कम चर्चित नेताओं को भी आगे बढ़ाती है.
समुदायों के बीच प्रभावशाली बढ़त
बीजेपी के एक नेता ने बताया कि पार्टी का नेतृत्व राजनीतिक समीकरणों के आधार पर किसी अन्य नेता, जैसे पूर्वांचल के विधायक, सिख या महिला को भी मुख्यमंत्री बनाने पर विचार कर सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ सालों में मध्यप्रदेश, राजस्थान और ओडिशा में बीजेपी ने अप्रत्याशित नेताओं को मुख्यमंत्री बनाया, जिससे राजनीतिक विश्लेषक हैरान रह गए थे.
राष्ट्रीय नेतृत्व एक नया चेहरा
बीजेपी नेता ने कहा, "आप कभी नहीं जानते, राष्ट्रीय नेतृत्व एक नया चेहरा लेकर आ सकता है, जो इस पद के लिए उपयुक्त हो और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतर सके." बीजेपी के दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व लेगा और सभी नवनिर्वाचित विधायक अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में सक्षम हैं.


