उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, बांदा फिर दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल

क्षेत्रीय मौसम विभाग ने अगले हफ्ते के लिए भीषण गर्मी और लू को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है. शुरुआती तीन दिनों तक येलो अलर्ट रहेगा, जबकि उसके बाद हालात और गंभीर होने की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट लागू किया जाएगा.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली:  पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार चौथे दिन दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा, जहां बुधवार को तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इससे एक दिन पहले मंगलवार को यहां पारा 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. भीषण गर्मी का असर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान से लेकर पहाड़ी राज्यों तक दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हालात और गंभीर होने की आशंका जताते हुए कई राज्यों के लिए लू और अत्यधिक गर्मी का अलर्ट जारी किया है.

कई इलाकों में लू का येलो और ऑरेंज अलर्ट

क्षेत्रीय मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक कई स्थानों पर भीषण लू चलने की चेतावनी दी है. अगले तीन दिनों के लिए ‘येलो अलर्ट’ और उसके बाद ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पश्चिमी हवाएं राजस्थान के थार रेगिस्तान और मध्य पाकिस्तान के हिस्सों से दिल्ली की ओर आ रही हैं. उन्होंने बताया कि शुष्क क्षेत्रों से गुजरते हुए ये हवाएं और अधिक गर्म तथा सूखी हो जाती हैं, जिससे रात के तापमान में भी गिरावट नहीं हो रही. जमीन को गर्मी छोड़ने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा, जिसके कारण रातें भी लगातार गर्म बनी हुई हैं.

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 45 डिग्री पार

उत्तर प्रदेश में बुंदेलखंड, पूर्वांचल, मध्य और पश्चिमी यूपी भीषण गर्मी की चपेट में हैं. एक दर्जन से अधिक जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है. लखनऊ, प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर, चित्रकूट, आगरा, कानपुर, वाराणसी और फतेहपुर समेत कई जिलों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. गुरुवार और शुक्रवार के लिए 11 जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में भी रिकॉर्ड गर्मी

दिल्ली के रिज बेस स्टेशन पर अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हरियाणा के रोहतक में पारा 46.9 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि पंजाब के बठिंडा में तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राजस्थान का श्रीगंगानगर 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा.

पहाड़ी राज्यों में भी बढ़ा तापमान

मैदानी इलाकों के साथ पहाड़ी राज्य भी गर्मी और लू से प्रभावित हैं. जम्मू-कश्मीर के कठुआ में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिमाचल प्रदेश के ऊना में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया. शिमला में 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ मौसम का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया. उत्तराखंड के देहरादून समेत कई मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया.

बंगाल और ओडिशा में उमस और गर्मी का असर

पूर्वी भारत में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है. कोलकाता में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था. ओडिशा के औद्योगिक शहर झारसुगुड़ा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं तेलंगाना के जगतियाल जिले के ऐलापुर में 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

इस बार नौतपा तोड़ सकता है रिकॉर्ड

25 मई से सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेगा और शुरुआती नौ दिनों को नौतपा कहा जाएगा. मान्यता है कि इस दौरान सूर्य का प्रभाव सबसे अधिक होता है. इस बार मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि नौतपा गर्मी के नए रिकॉर्ड बना सकता है और तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.

अस्पतालों में बढ़ रहे हीट स्ट्रोक के मरीज

भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है. सरकारी और निजी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त, चक्कर और बेहोशी के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं. डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है.

प्रमुख शहरों का तापमान

  • रोहतक — 46.9°C

  • श्रीगंगानगर — 46.5°C

  • प्रयागराज — 46.4°C

  • दिल्ली — 45.8°C

  • बठिंडा — 46°C

  • कटड़ा — 44.6°C

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो