सोनम वांगचुक का अनशन जारी, ब्लड शुगर में गिरावट से बढ़ी चिंता, अस्पताल ने बताया हेल्थ अपडेट

कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के समर्थन में अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे मशहूर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंताएं गहरा गई हैं. डॉक्टरों का कहना है कि उनके लंबे उपवास के कारण शरीर में कई गंभीर चिकित्सकीय असंतुलन और जटिलताएं पैदा हो गई हैं.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के समर्थन में अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे मशहूर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंताएं गहरा गई हैं. वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (VMMC) और सफदरजंग अस्पताल द्वारा मंगलवार सुबह 9 बजे जारी ताजा मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, वांगचुक को लगातार मेडिकल निगरानी में रखा गया है. डॉक्टरों का कहना है कि उनके लंबे उपवास के कारण शरीर में कई गंभीर चिकित्सकीय असंतुलन और जटिलताएं पैदा हो गई हैं.

ड्रिप और ग्लूकोज लेने से इनकार

अस्पताल के बुलेटिन के मुताबिक, सोनम वांगचुक का ब्लड शुगर स्तर लगातार सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है. रातों-रात लिए गए रक्त के नमूनों में उनका सीरम पोटेशियम स्तर 3.2 mEq/L दर्ज किया गया है. इसके अलावा, जांच रिपोर्टों में उनमें 'पैनसाइटोपिनिया' के लक्षण दिखे हैं. जिसमें शरीर में खून की कमी (एनीमिया) और सफेद रक्त कोशिकाओं की भारी गिरावट हो जाती है.

अस्पताल में वांगचुक को क्या दिया जा रहा हैं

अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वांगचुक को ओआरएस और पोटेशियम के घोल दिए जा रहे हैं. डॉक्टरों की बार-बार सलाह के बावजूद उन्होंने नसों के जरिए दी जाने वाली ग्लूकोज लेने से साफ मना कर दिया है. डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि लंबे समय तक उपवास रखने की वजह से वे हल्के से मध्यम डिहाइड्रेशन और गंभीर शारीरिक तनाव से जूझ रहे हैं. जिसके लिए लगातार क्लिनिकल मॉनिटरिंग और विशेषज्ञों की देखरेख अनिवार्य है.

'चलो संसद' मार्च के बाद दिल्ली में अलर्ट

वांगचुक की गिरती सेहत और अस्पताल में भर्ती होने के मुद्दे ने सीजेपी के आंदोलन को और उग्र कर दिया है. बीते दिन पार्टी के 'चलो संसद' मार्च के दौरान राजधानी में जबरदस्त अफरातफरी का माहौल रहा. हजारों की संख्या में पहुंचे समर्थकों की पुलिस के साथ तीखी झड़पें हुईं. जिसके बाद कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बाधित की गईं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए.

उपद्रवियों पर पुलिस का एक्शन

प्रदर्शन के दौरान हुए उपद्रव को लेकर दिल्ली पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, कनाट प्लेस के आउटर सर्किल में रीगल सिनेमा के पास पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ करने और पुलिस टीम पर पथराव करने के आरोप में अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.

BNS की गंभीर धाराओं में FIR

जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में दंगा भड़काने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों से जैकेट व हेलमेट छीनने की घटनाओं को लेकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. अस्पताल में वांगचुक का इलाज और पुलिस का जांच अभियान दोनों ही तेजी से जारी हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो