PM मोदी का रेवंत रेड्डी को सीधा मैसेज, कहा ‘मुझसे जुड़ना ही आपके लिए फायदे में रहेगा’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से कहा कि रेवंत रेड्डी ने उनसे पॉलिटिकल बात न करने को कहा था, इसलिए वे भी नहीं करेंगे। लेकिन गैर राजनीतिक बात यह है कि 10 साल में केंद्र ने गुजरात को जितना दिया, उतना वे तेलंगाना को भी देने को तैयार हैं।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (10 मई 2026) को हैदराबाद में 9,400 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को लेकर ऐसा बयान दिया जो सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।

PM मोदी का रेवंत रेड्डी को सीधा मैसेज 

आपको बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से कहा कि रेवंत रेड्डी ने उनसे पॉलिटिकल बात न करने को कहा था, इसलिए वे भी नहीं करेंगे। लेकिन गैर राजनीतिक बात यह है कि 10 साल में केंद्र ने गुजरात को जितना दिया, उतना वे तेलंगाना को भी देने को तैयार हैं।

इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए जोड़ा कि अगर ऐसा किया तो सीएम रेवंत रेड्डी को अभी जो मिल रहा है, वह आधा हो जाएगा। आप जहां पहुंचना चाहते हैं, वहां नहीं पहुंच पाएंगे। इसलिए अच्छा यही है कि मुझसे ही जुड़ो।

रेवंत रेड्डी ने रखा तेलंगाना मॉडल का विजन 

इससे पहले सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा था कि जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे और नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री, तब मोदी ने 10 साल में गुजरात मॉडल बनाया। अब तेलंगाना की जनता को भी उनसे ऐसी ही उम्मीद है।

रेड्डी ने कहा कि अगले 10 साल में तेलंगाना मॉडल तैयार होगा और 2034 तक राज्य 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने बताया कि देश की आबादी में तेलंगाना की हिस्सेदारी 3 प्रतिशत से भी कम है। फिर भी राज्य का लक्ष्य है कि पीएम मोदी के 30 ट्रिलियन डॉलर की भारतीय अर्थव्यवस्था के सपने में 10 प्रतिशत जीडीपी का योगदान दे।

पश्चिम एशिया संकट पर पीएम की सलाह 

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पीएम मोदी ने ऊर्जा बचत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों का इस्तेमाल बेहद संयम से करना चाहिए। जरूरत के हिसाब से ही आयातित पेट्रो उत्पादों का उपयोग हो। इससे विदेशी मुद्रा बचेगी और युद्ध के असर को भी कम किया जा सकेगा।

ऊर्जा क्षेत्र में भारत की मजबूती का जिक्र 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत पिछले कुछ सालों में सौर ऊर्जा में अग्रणी देशों में शामिल हुआ है। पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को तेजी से बढ़ाया गया है। सरकार पहले 100 प्रतिशत एलपीजी कवरेज पर काम कर रही थी, अब सस्ती पाइप्ड गैस और सीएनजी नेटवर्क पर फोकस है। इन्हीं कदमों की वजह से भारत वैश्विक ऊर्जा संकट का मजबूती से सामना कर पा रहा है।

तेलंगाना के लोगों को दिया भरोसा 

पीएम मोदी ने कहा कि देश सुधारों के साथ आधुनिक बुनियादी ढांचा भी तैयार कर रहा है। उन्होंने तेलंगाना के हर परिवार को भरोसा दिया कि केंद्र सरकार उनके सपनों को पूरा करने के लिए और तेज गति से काम करेगी। साथ ही उन्होंने लोगों से पेट्रोल, डीजल और गैस का सावधानी से इस्तेमाल करने की अपील की।

मोदी का यह बयान ऐसे समय आया है जब तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार है और केंद्र में BJP, सियासी मतभेद के बावजूद विकास के मुद्दे पर दोनों नेताओं ने एक मंच साझा किया, पर पीएम के तंज ने साफ कर दिया कि सियासत पूरी तरह गायब नहीं थी।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो