आंधी-बारिश के बाद दोबारा चढ़ा पारा, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में लू का खतरा

दिल्ली-एनसीआर में आंधी और बारिश से मिली राहत ज्यादा देर टिकने वाली नहीं है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा और कई राज्यों में लू का असर देखने को मिलेगा.

Shraddha Mishra

उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. लेकिन इसी बीच बीती रात मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी. दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश ने माहौल को कुछ देर के लिए सुहाना बना दिया. इससे न सिर्फ गर्मी में कमी आई बल्कि हवा भी थोड़ी साफ महसूस हुई. हालांकि यह राहत ज्यादा देर टिकने वाली नहीं है, क्योंकि आज से फिर तापमान तेजी से बढ़ने वाला है.

दिल्ली में बदला मौसम

राजधानी दिल्ली में बीते दिन की बारिश और आंधी ने मौसम को थोड़ी देर के लिए ठंडा जरूर कर दिया. कई इलाकों में तापमान में 7 से 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार, जाफरपुर में तापमान 30.2 डिग्री से गिरकर 21.6 डिग्री हो गया, जबकि नारायणा में सबसे ज्यादा 10.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. इसी तरह जनकपुरी और पूसा में भी तापमान में अच्छी-खासी कमी देखी गई. पूसा इलाके में तेज हवाएं चलीं, जिनकी रफ्तार करीब 48 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची.

इसके अलावा प्रगति मैदान, झड़ोदा कलां और नजफगढ़ में भी तापमान में 6 से 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई. लोधी रोड पर हल्की बारिश हुई, जिससे वहां का तापमान भी काफी नीचे आ गया. आयानगर और मयूर विहार में भी बारिश के साथ तापमान में गिरावट देखने को मिली. हालांकि दिन के समय गर्मी का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ. सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस साल का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है.

आज कैसा रहेगा मौसम?

आज दिल्ली में आसमान में बादल जरूर नजर आएंगे, लेकिन मौसम सामान्य ही रहेगा. अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. आने वाले दिनों की बात करें तो 19 अप्रैल से 23 अप्रैल के बीच कोई खास मौसम अलर्ट नहीं है. इस दौरान तापमान और बढ़ सकता है. अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहेगा. दिल्ली से सटे इलाकों जैसे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी गर्मी तेजी से बढ़ेगी और पारा 40 डिग्री के पार जा सकता है.

पंजाब-हरियाणा में भी बढ़ेगी गर्मी

पंजाब और हरियाणा में बीते दिन गरज-चमक और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया था. लेकिन आज से यहां भी मौसम सामान्य रहेगा. अगले कुछ दिनों में इन राज्यों में भी तेज गर्मी का दौर शुरू होने वाला है और तापमान लगातार बढ़ेगा.

पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आज और कल तेज हवाओं के साथ गरज-चमक का येलो अलर्ट जारी किया गया है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है. हालांकि 20 अप्रैल के बाद इन पहाड़ी इलाकों में मौसम सामान्य होने की संभावना है और मौसम स्थिर रहेगा.

यूपी और राजस्थान में गर्मी का असर

उत्तर प्रदेश में 23 अप्रैल तक मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन गर्मी का असर काफी ज्यादा रहेगा. कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है. लखनऊ में बादलों की हल्की आवाजाही जरूर दिखी, लेकिन गर्मी में कोई खास कमी नहीं आई. कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र जैसे शहरों में भी तेज गर्मी और लू चलने की संभावना है. राजस्थान में भी स्थिति कुछ ऐसी ही रहने वाली है. यहां दिन के समय तेज धूप और लू लोगों को परेशान करेगी. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें.

इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में गर्मी और लू को लेकर चेतावनी जारी की है.
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 17 से 19 अप्रैल तक लू चल सकती है
ओडिशा में 17 से 20 अप्रैल के बीच गर्मी का प्रकोप रहेगा
झारखंड में 19 से 21 अप्रैल तक लू की स्थिति बन सकती है
मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा और तेलंगाना में भी 17 और 18 अप्रैल को गर्म हवाएं चलने की संभावना है
इसके अलावा पश्चिमी और पूर्वी तटीय इलाकों में भी गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो