दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, पहाड़ों की सर्द हवाएं लाईं ठिठुरन, दिवाली से पहले बढ़ेगी सर्दी
Today Weather Update: दिल्ली-NCR में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने मौसम को और सर्द कर दिया है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है. सर्दी का ये रंग अब और गहराने वाला है, क्योंकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अक्टूबर से शुरू हुआ ये ठंडा मौसम दिवाली तक और भी बढ़ सकती है.

Today Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. दिन में हल्की तेज धूप के बावजूद लोग सिहरन महसूस कर रहे हैं, खासतौर पर रात के समय तापमान में आई गिरावट के कारण ठंड का अहसास साफ देखा जा सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार यह बदलाव पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते देखने को मिल रहा है. देश की राजधानी सहित नोएडा, गाजियाबाद, गुड़गांव और ग्रेटर नोएडा में भी मौसम में ठंडक बढ़ गई है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिवाली तक तापमान में और गिरावट आने की संभावना है जिससे दिन में भी हल्की ठंड महसूस होने लगेगी.
दिन में धूप लेकिन ठंडी हवाएं कर रहीं बेअसर
दिल्ली-एनसीआर में दोपहर के समय धूप जरूर निकल रही है, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते उसका असर कम हो गया है. रात का तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे शाम ढलते ही ठंड का असर महसूस होने लगता है. मौसम विभाग के अनुसार 14 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है लेकिन रात में न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
प्रमुख शहरों का तापमान और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI):-
शहर अधिकतम/न्यूनतम तापमान AQI
नोएडा 29/20 165
गाजियाबाद 29/19 166
गुड़गांव 29/19 154
ग्रेटर नोएडा 29/20 163
दिवाली से पहले और गिरेगा पारा
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले 10 दिनों में दिल्ली-एनसीआर के मौसम में और अधिक ठंडक देखने को मिलेगी. 14 अक्टूबर के बाद दिन का तापमान भी गिर सकता है और दिन के समय भी हल्की ठंड का अनुभव किया जा सकता है. अनुमान है कि इस बार दिल्ली-एनसीआर में मार्च तक ठंड बनी रह सकती है.
पहाड़ों से चल रहीं सर्द हवाएं
स्काईमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिको ने बताया है कि पहाड़ों पर बर्फबारी अब थम चुकी है लेकिन वहां से चलने वाली सर्द हवाएं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र तक का तापमान नीचे ला रही हैं.
पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत में बारिश की उम्मीद
पूर्वोत्तर भारत में चक्रवाती हवाओं के तीन क्षेत्र सक्रिय हैं एक पूर्वोत्तर राज्यों में, दूसरा ओडिशा के तट पर और तीसरा दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में. इनकी वजह हैं:-
-
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना
-
ओडिशा के दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश
-
आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश
-
दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भारी वर्षा
-
केरल, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
दिल्ली-एनसीआर में तापमान गिरने की शुरुआत हो चुकी है और दिवाली तक यह ठंडक और बढ़ने की संभावना है. दिन में तेज धूप के बावजूद हवाओं की ठंडक से राहत नहीं मिल पा रही है. विशेषज्ञों की मानें तो इस बार सर्दी लंबी खिंच सकती है और मार्च तक अपना असर बनाए रख सकती है.


