एयर इंडिया की एक फ्लाइट को दिल्ली जाने के बजाय शिकागो वापस लौटना पड़ा. ये फ्लाइट पहले ही 10 घंटे की यात्रा पूरी कर चुकी थी, लेकिन विमान में तकनीकी समस्या के कारण उसे वापस लौटना पड़ा. रिपोर्ट्स की मानें तो, विमान के 9 टॉयलेट्स में समस्या आ गई थी, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा. इस घटनाक्रम के बाद विमान शिकागो लौट आया, जहां सभी यात्री और क्रू मेंबर विमान से उतर गए. इस घटना को लेकर, एयर इंडिया ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि ये कदम विमान में एक तकनीकी समस्या के कारण उठाया गया था.
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि शिकागो से दिल्ली जा रही AI126, जो 6 मार्च 2025 को एक तकनीकी समस्या के कारण शिकागो वापस लौटी. विमान के शिकागो पहुंचने के बाद, सभी यात्रियों और क्रू सदस्य को विमान से उतारा गया.
एक रिपोर्ट के अनुसार, इस विमान में कुल 10 टॉयलेट्स थे. विमान में कुल 340 सीटें थी, जिसमें प्रथम श्रेणी, बिजनेस क्लास और इकोनॉमी क्लास के यात्री यात्रा कर रहे थे. टॉयलेट्स में आई इस समस्या के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा और एयरलाइन को मजबूरन विमान को वापस लौटाने का फैसला लेना पड़ा.
एयर इंडिया ने अपने यात्रियों को एक और महत्वपूर्ण ऑप्शन भी दिया है. जिन्होंने अपनी यात्रा को रद्द किया या जो पुनर्निर्धारण करना चाहते थे, उन्हें पूरी तरह से रिफंड और मुफ्त पुनर्निर्धारण की सुविधा दी जा रही है. एयर इंडिया ने इस फैसले को यात्रियों की सुविधा और असुविधा को कम करने के उद्देश्य से लिया है. First Updated : Monday, 10 March 2025