यूपीएससी सिविल सेवा का फाइनल रिजल्ट जारी, राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 किया हासिल

यूपीएससी ने 6 मार्च 2026 को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया, जिसमें राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

संघ लोक सेवा आयोग  ने 6 मार्च 2026 को सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर फाइनल मेरिट लिस्ट देख सकते हैं. इस वर्ष की परीक्षा में राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया है. 

आयोग ने अंतिम परिणाम उम्मीदवारों के लिखित परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) में किए गए प्रदर्शन के आधार पर तैयार किया है. जारी की गई पीडीएफ मेरिट लिस्ट में देश भर से चयनित उम्मीदवारों के नाम और उनके रोल नंबर शामिल हैं, जिन्हें विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है. हर साल की तरह इस बार भी लाखों अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था, लेकिन तीन चरणों की कठिन प्रक्रिया को पार करने के बाद केवल सीमित उम्मीदवार ही अंतिम सूची में जगह बना पाए हैं.

958 उम्मीदवारों की नियुक्ति की सिफारिश

यूपीएससी ने बताया कि सिविल सेवा परीक्षा 2025 के माध्यम से घोषित 1,087 रिक्त पदों के मुकाबले कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है. इसके अलावा आयोग ने 258 उम्मीदवारों को आरक्षित सूची में रखा है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर बाद में मौका दिया जा सकता है. वहीं 348 उम्मीदवारों की सिफारिश अस्थायी रूप से की गई है. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दो अभ्यर्थियों के परिणाम फिलहाल रोक दिए गए हैं.

टॉप 10 में इन उम्मीदवारों ने बनाई जगह

इस वर्ष की मेरिट सूची में कई प्रतिभाशाली उम्मीदवारों ने जगह बनाई है. खास बात यह है कि टॉप 10 में तीन महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं. टॉप 10 की सूची इस प्रकार है- 

1. अनुज अग्निहोत्री
2. राजेश्वरी सुवे एम
3. आकांश ढुल
4. राघव झुनझुनवाला
5. ईशान भटनागर
6. ज़िनिया अरोड़ा
7. ए. आर. राजा मोहिद्दीन
8. पक्षाल सेक्रेटरी
9. आस्था जैन
10. उज्ज्वल प्रियांक

कहां और कैसे देखें परिणाम?

उम्मीदवार यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम देख सकते हैं. आयोग ने चयनित उम्मीदवारों की पूरी मेरिट सूची पीडीएफ फॉर्मेट में जारी की है. वेबसाइट के होमपेज पर जाकर Examination या What’s New सेक्शन में उपलब्ध लिंक पर क्लिक करके यह सूची डाउनलोड की जा सकती है. इसके बाद उम्मीदवार पीडीएफ में Ctrl + F का उपयोग करके अपना नाम या रोल नंबर खोज सकते हैं.

विश्व की सबसे कठिन परीक्षाओं में शामिल

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को दुनिया की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक माना जाता है. यह परीक्षा तीन चरणों प्रारंभिक परीक्षा (Prelims), मुख्य परीक्षा (Mains) और व्यक्तित्व परीक्षण (Interview) में आयोजित की जाती है. हर साल लाखों उम्मीदवार इसमें भाग लेते हैं, लेकिन अंतिम चयन बहुत कम अभ्यर्थियों का ही हो पाता है.

इस परीक्षा के माध्यम से उम्मीदवारों का चयन देश की कई प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए किया जाता है, जिनमें प्रमुख हैं—

1. भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS)
2. भारतीय पुलिस सेवा (IPS)
3. भारतीय विदेश सेवा (IFS)
4. भारतीय राजस्व सेवा (IRS)
5. भारतीय व्यापार सेवा सहित अन्य ग्रुप ‘A’ और ग्रुप ‘B’ केंद्रीय सेवाएं

मार्कशीट जल्द होगी जारी

आयोग के अनुसार सभी उम्मीदवारों की विस्तृत मार्कशीट अंतिम परिणाम घोषित होने के लगभग 15 दिनों के भीतर वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी जाएगी. अभ्यर्थी इसे ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे और यह 30 दिनों तक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी.

आयु सीमा और पात्रता

यूपीएससी की अधिसूचना के अनुसार परीक्षा के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 32 वर्ष निर्धारित की गई थी. इसका मतलब है कि उम्मीदवार का जन्म 2 अगस्त 1992 से 1 अगस्त 2003 के बीच होना चाहिए.

सिविल सेवा परीक्षा भारत में सबसे प्रतिष्ठित और लोकप्रिय करियर विकल्पों में से एक मानी जाती है. अंतिम मेरिट सूची में स्थान पाने वाले उम्मीदवारों को अब उनकी रैंक और सेवा वरीयता के आधार पर विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति दी जाएगी, जहां वे देश के प्रशासन और नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag