अमेरिका-ईरान तनाव के बीच भारत ने ली राहत की सांस, होर्मुज पार कर मुंबई पहुंचा तेल टैंकर ‘देश गरिमा’

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच भारतीय तेल टैंकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर भारत पहुंच गया है. अब तक खाड़ी देशों में तनाव बढ़ने के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर भारत पहुंचने वाला यह दसवां भारतीय जहाज है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. भारतीय तेल वाहक जहाज 'देश गरिमा' सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर भारत पहुंच गया है. यह टैंकर बड़ी मात्रा में कच्चा तेल लेकर आया है और फिलहाल मुंबई तट के पास समुद्र में एंकर पर खड़ा है.

इस जहाज के सुरक्षित पहुंचने से भारत को ईंधन आपूर्ति को लेकर बड़ी राहत मिली है, क्योंकि खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण तेल सप्लाई पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई थी.

18 अप्रैल को होर्मुज से निकला था जहाज

जानकारी के अनुसार, 'देश गरिमा' 18 अप्रैल को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से रवाना हुआ था. इस दौरान इलाके में सुरक्षा हालात बेहद संवेदनशील थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रास्ते में तनावपूर्ण माहौल के बावजूद जहाज लगातार आगे बढ़ता रहा और अब सुरक्षित भारतीय जलक्षेत्र तक पहुंच चुका है. जहाज पर 31 भारतीय नाविक सवार हैं. सभी क्रू मेंबर्स सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

भारत पहुंचने वाला 10वां भारतीय जहाज

मार्च से खाड़ी देशों में तनाव बढ़ने के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर भारत पहुंचने वाला यह दसवां भारतीय जहाज बताया जा रहा है. लगातार खतरे के माहौल में भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही भारत के लिए अहम मानी जा रही है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है. इसी रास्ते से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल एशियाई देशों तक पहुंचता है.

व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर भारत पहले ही अपनी चिंता जाहिर कर चुका है. भारत ने ईरान से भारतीय जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने की मांग भी की है.

पहले भारतीय जहाजों पर हुई थी फायरिंग

इससे पहले दो भारतीय जहाजों वीएलसीसी सन्मार हेराल्ड और बल्क कैरियर जग अर्णव पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार करते समय कथित फायरिंग की घटना सामने आई थी. इसके बाद दोनों जहाजों को वापस लौटना पड़ा था. हालांकि, उन घटनाओं में किसी भारतीय नाविक को चोट नहीं लगी थी. भारत ने इस मामले पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी.

भारत-ईरान संबंध अहम

तेल संकट और क्षेत्रीय तनाव के समय ईरान पहले भी भारत की मदद करता रहा है. दोनों देशों के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध रहे हैं. ऐसे में 'देश गरिमा' का सुरक्षित भारत पहुंचना केवल व्यापारिक नहीं, बल्कि रणनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो