आजमगढ़ में 8 साल के मासूम के साथ हैवानियत, मारपीट के बाद जबरन खतना कराने की कोशिश

आजमगढ़ में बच्चों के बीच शुरू हुआ एक मामूली विवाद अचानक गंभीर घटना में बदल गया. परिजनों का आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने बालक के साथ मारपीट की और उसे पकड़कर उसका खतना करने की भी कोशिश की.

calender

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है. बताया जा रहा है कि बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया. घटना में एक 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद परिजनों ने कुछ लोगों पर बच्चे का खतना करने की कोशिश का आरोप लगाया हैं. शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक यह घटना आजमगढ़ के करसवा गांव की है. गांव निवासी रिंकू सोनी का बेटा आयुष सोनी गुरुवार शाम अपने दोस्तों के साथ हाईवे ट्रांस की कुटी के पास खेल रहा था. इसी दौरान खेल-खेल में कुछ अन्य बच्चों के साथ उसका झगड़ा हो गया. प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बच्चों के बीच हुए इस विवाद की खबर जब आसपास के बड़े लोगों तक पहुंची तो मामला और बढ़ गया. परिजनों का आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने बालक के साथ मारपीट की और उसे पकड़कर उसका खतना करने की भी कोशिश की. 

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद बच्चे के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में बादशाह, कासिम और मंसूर समेत कुछ लोगों के नाम शामिल किए गए हैं. परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने बच्चे को पकड़कर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और सभी आरोपों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी

मारपीट में घायल होने के बाद आयुष को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल बच्चे का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति स्थिर है और वह चिकित्सकीय निगरानी में है. परिवार के लोग लगातार उसके साथ मौजूद हैं.

सीसीटीवी फुटेज भी जांच के दायरे में

बताया जा रहा है कि घटना स्थल के आसपास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है. जांच एजेंसियां अब इस फुटेज की भी पड़ताल कर रही हैं ताकि घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके. इसी बीच घटना की जानकारी मिलने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. इलाके में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है.

ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक चिराग जैन ने बताया कि बालक के घायल होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई. प्रारंभिक जांच में बच्चे के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं. परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों की तलाश जारी है. First Updated : Saturday, 06 June 2026