मेरठ की दामिनी निकली 'नीले ड्रम वाली मुस्कान' से भी ज्यादा शातिर! 20 लाख के बीमा और प्रेमी के लिए पति की कर दी हत्या
मेरठ में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत की जांच के दौरान पुलिस ने दावा किया कि उसकी पत्नी ने कथित प्रेमी के साथ मिलकर 20 लाख रुपये के बीमा और अवैध संबंधों के लिए जहरीले सांप से पति की हत्या की साजिश रची.

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ से सामने आए एक सनसनीखेज हत्या के मामले ने सभी को हैरान कर दिया है. पुलिस के अनुसार, हस्तिनापुर क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची. आरोप है कि पहले पति को नशीला पदार्थ दिया गया और फिर उसके बिस्तर पर जहरीला सांप छोड़ दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस का दावा है कि हत्या के पीछे 20 लाख रुपये की बीमा राशि और कथित प्रेम संबंध बड़ी वजह थे.
पहले हादसा समझी गई थी मौत
मृतक अतुल पंवार स्थानीय कृष्णा किड्स प्ले स्कूल का संचालन करते थे. शुरुआती जांच में उनकी मौत को सांप के काटने से हुई सामान्य घटना माना गया, लेकिन पुलिस को घटनास्थल और परिस्थितियों में कुछ ऐसी बाते मिली, जिनके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया.
जांच में सामने आई कथित साजिश
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य सबूतों की पड़ताल की गई. इसके बाद आरोप सामने आया कि मृतक की पत्नी दामिनी का स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के साथ कथित प्रेम संबंध था. पुलिस का कहना है कि दोनों ने पहले सड़क दुर्घटना के जरिए हत्या की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर दूसरी योजना बनाई.
आरोप है कि दामिनी ने पहले अपने पति को नशीला दूध पिलाया और उसके बेहोश होने के बाद बिस्तर पर जहरीला सांप छोड़ दिया. सांप के डसने से अतुल की मौत हो गई और इसे प्राकृतिक हादसा दिखाने की कोशिश की गई.
बीमा राशि भी बनी कथित वजह
पुलिस का दावा है कि मृतक के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था. जांच में यह आशंका भी जताई गई कि बीमा की रकम हासिल करने और कथित प्रेम संबंध को आगे बढ़ाने के लिए यह पूरी साजिश रची गई.
उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ में पत्नी दामिनी ने पति अतुल पंवार को जहरीले सांप से कटवाकर मार डाला। पति–पत्नी स्कूल चलाते थे। स्कूल के ड्राइवर तुषार से पत्नी का अफेयर था। तुषार ने 2 युवकों सोनू/उदय की मदद से जहरीला सांप मंगाकर दामिनी को दिया। दामिनी ने पहले नशीला दूध पिलाकर पति को… pic.twitter.com/MAdFXpS9m2
— Sachin Gupta (@Sachingupta) July 17, 2026
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में पत्नी दामिनी और उसके कथित प्रेमी तुषार को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है. अदालत में आरोप सिद्ध होना अभी बाकी है.


