बलिया में दिल दहला देने वाला डबल मर्डर: पति ने पत्नी और सास की गला रेतकर हत्या, ससुर-बेटे पर भी हमला

उत्तर प्रदेश के बलिया में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक युवक ने पत्नी और सास की गला रेतकर हत्या कर दी. इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी और सास की बेरहमी से हत्या कर दी.

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. आरोपी ने इस दौरान अपने ससुर और तीन साल के बेटे पर भी चाकू से हमला किया, जिससे वे घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.

छत के रास्ते घर में घुसकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, बछईपुर गांव निवासी अंतू गुप्ता की 22 वर्षीय बेटी प्रीति की शादी गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहाचवर निवासी अमित गुप्ता से हुई थी. पारिवारिक विवाद के चलते प्रीति कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी.

इसी बीच आरोपी अमित गुप्ता घर पहुंचा और पड़ोसी की दीवार के सहारे छत के रास्ते अंदर घुस गया. इसके बाद उसने पत्नी, सास सुशीला, ससुर अंतू और अपने बेटे अवि पर चाकू से हमला कर दिया.

अस्पताल में दो की मौत, ससुर गंभीर

हमले में अवि को छोड़कर बाकी तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी को देर रात करीब तीन बजे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रीति और सुशीला को मृत घोषित कर दिया.

गंभीर रूप से घायल अंतू गुप्ता को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है.

आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया है. घटनास्थल पर स्वाट, सर्विलांस टीम और फील्ड यूनिट के साथ क्षेत्राधिकारी रसड़ा भी मौजूद रहे.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह घटना हुई.

बलिया में अपहरण का मामला भी दर्ज

इसी बीच बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र से दो नाबालिग किशोरियों के अपहरण का मामला भी सामने आया है. पुलिस के अनुसार, दो युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया गया है.

शिकायत में आरोप है कि 23 अप्रैल को 13 और 14 वर्षीय दो किशोरियों का अपहरण किया गया. थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो