अपर्णा यादव के घर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रतीक यादव को दी श्रद्धांजली

अखिलेश यादव के भाई और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया. पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर आवास लाया गया, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी.

Shraddha Mishra

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के अचानक निधन से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई. बुधवार सुबह आई इस खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया. 38 वर्षीय प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार, समर्थकों और राजनीतिक नेताओं का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपर्णा यादव के आवास पहुंचे और प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. इस दौरान प्रदेश सरकार के कई मंत्री और अधिकारी भी मौजूद रहे.

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी शोक संदेश साझा किया था. उन्होंने लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के पुत्र और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का असमय निधन बेहद दुखद है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

प्रतीक यादव समाजवादी परिवार का अहम हिस्सा थे. हालांकि वे सक्रिय राजनीति से दूर रहते थे, लेकिन उनका नाम हमेशा राजनीतिक चर्चाओं में बना रहता था. उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा से जुड़ी हुई हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं. उनके निधन की खबर के बाद समाजवादी पार्टी और भाजपा दोनों दलों के नेताओं ने दुख जताया. कई राजनीतिक हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की.

केजीएमयू में हुआ पोस्टमार्टम

प्रतीक यादव के निधन के बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए लखनऊ स्थित केजीएमयू भेजा गया. डॉक्टरों के विशेष पैनल ने पूरी प्रक्रिया को पूरा किया. पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के आवास पर लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही. डॉक्टरों की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फेफड़ों की नसों में खून का थक्का जमने के कारण उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया. इसी वजह से उनकी मौत हुई. मेडिकल भाषा में इस स्थिति को पल्मोनरी एम्बोलिज्म कहा जाता है.

डॉक्टरों ने बताई मौत की वजह

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि फेफड़ों की नसों में खून का थक्का बनने से शरीर में रक्त संचार प्रभावित हुआ. इसके बाद उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया. डॉक्टरों ने आगे की जांच के लिए दिल और फेफड़ों से जुड़े कुछ नमूने सुरक्षित रखे हैं. इसके अलावा शरीर के कुछ अंगों को रासायनिक जांच के लिए भी संरक्षित किया गया है. पुलिस को जांच रिपोर्ट आगे की प्रक्रिया के लिए सौंप दी गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो