गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बार होली का त्योहार अपने गढ़ गोरखपुर में बड़े ही अनोखे और परंपरागत तरीके से मनाया. जहां आम लोग रंगों से मस्ती करते हैं, वहीं सीएम योगी ने धार्मिक रीति-रिवाजों, साधु-संतों और आम जनता के साथ मिलकर होली की खुशियां बांटी. साथ ही उनका एक नया अंदाज भी देखने को मिला.
सुबह-सुबह सीएम योगी गोरखनाथ मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इसके बाद गोशाला में गायों के बीच कुछ पल बिताए और उनकी सेवा की. यह उनका रोजमर्रा का हिस्सा है, लेकिन होली के दिन इसे और भी खास बना दिया. मंदिर में भजन-कीर्तन और फाग गीतों की मधुर धुनों के बीच माहौल उत्साह से भर गया.
गोरखनाथ मंदिर में होलिका दहन की भस्म यानी सम्मत की राख से तिलक लगाकर रंगोत्सव की शुरुआत हुई. योगी आदित्यनाथ ने खुद यह तिलक लगाया और मंदिर के अन्य साधु-संतों व प्रधान पुजारी के साथ मिलकर होली का आगाज किया. इस दौरान फाग गीत गूंजे और मंदिर परिसर में भक्ति का वातावरण छा गया.
पूजा के बाद सीएम योगी साधु-संन्यासियों और आम लोगों के बीच पहुंचे. काले चश्मे में नजर आए योगी को लोगों ने ढेर सारा अबीर-गुलाल लगाया. रंगों से सराबोर होकर उन्होंने खुशी-खुशी होली खेली. मंदिर में भजन और होली गीतों के बीच अबीर उड़ती रही. इस बीच उन्होंने सभी को होली की ढेर सारी शुभकामनाएं दी.
एएनआई से बातचीत में सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को संदेश देते हुए कहा कि होली समरसता और उमंग का पर्व है. उन्होंने कहा, "पूरे प्रदेश को इस पावन पर्व की हार्दिक बधाई. हजारों साल पुरानी इस परंपरा को हमारी पीढ़ी उत्साह के साथ आगे बढ़ा रही है. हर तबका इस पर्व से जुड़कर आनंद ले रहा है. अगर कहीं कोई मनमुटाव रहा हो तो उसे खत्म कर समरस समाज बनाएं. आज प्रदेश में शांति, सौहार्द और सुरक्षा है, जिससे नया भारत विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है." First Updated : Wednesday, 04 March 2026