CM योगी ने जताया भरोसा, गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद देगी यूपी सरकार

गोरखपुर के जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनकर उनके जल्द समाधान का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि पैसों की कमी के कारण किसी भी मरीज का इलाज नहीं रुकेगा और अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित व पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए.

calender

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि पैसों की कमी की वजह से किसी भी मरीज का इलाज नहीं रुकेगा. इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की शिकायतों का जल्द से जल्द, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से समाधान किया जाए.

करीब 200 लोगों से की मुलाकात 

गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की. उन्होंने सभी की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. योगी ने साफ कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

हर शिकायत का होना चाहिए समाधान 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हर जरूरतमंद के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए। खासकर राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों का समय पर निपटारा हो. वहीं, पारिवारिक विवादों में पहले आपसी बातचीत से समाधान निकालने की कोशिश की जाए और जरूरत पड़ने पर ही कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का समाधान ऐसा होना चाहिए जिससे लोगों को संतुष्टि मिले.

इलाज का खर्च उठाने के लिए तैयार सरकार 

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने भी पहुंचे थे. इस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार इलाज का खर्च उठाने के लिए तैयार है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों का जल्द आकलन कर शासन को भेजा जाए, ताकि बिना देरी के आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके. इसके साथ ही उन्होंने सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर भी जोर दिया, ताकि भविष्य में इलाज के दौरान उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े. 

विपक्ष पर साधा निशाना 

जनता दर्शन के बाद एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा. उन्होंने समाजवादी पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि जो लोग कभी राम मंदिर निर्माण का विरोध करते थे, वही आज आस्था की बात कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में त्योहारों के दौरान अक्सर दंगे और अशांति होती थी, जबकि अब कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और लोग शांतिपूर्ण माहौल में अपने धार्मिक पर्व मना रहे हैं. 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में 995 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 14 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ जनता की समस्याओं के समाधान और बेहतर कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दे रही है. First Updated : Thursday, 23 July 2026