गोरखपुर का स्कूल बना अखाड़ा! मिड-डे मील को लेकर प्रिंसिपल और रसोइया में शुरू हुआ विवाद, जमकर हुई 'कुश्ती'

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में प्रिंसिपल और रसोइए के बीच बच्चों के मिड डे मील में कीड़े निकलने को लेकर विवाद शुरू हुआ. जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शिक्षा का एक मंदिर अजानक से कुश्ती के अखाड़े में बदल गया. हैरानी की बात ये है कि हाथापाई स्कूल के बच्चों के बीच नहीं बल्कि प्रिंसिपल और रसोइए के बीच हुई. बता दें कि दोनों के बीच विवाद बच्चों के मिड डे मील में कीड़े निकलने को लेकर शुरू हुआ था. देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई हो गई, जिसके बाद दोनों गड्ढे में गिर गए और लड़ने लगे. दोनों की कुश्ती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. BSA ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मामले की जांच कराने की बात कही है.

पहले बहस, फिर कुश्ती

घटना गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के उसवा बाबू उच्च माध्यमिक विद्यालय की बताई जा रही है. मंगलवार को बच्चों के लिए बने मिड-डे मील में कीड़े पड़े मिले. जब बच्चों को खाना परोसा गया तो उन्होंने खाने से इनकार कर दिया. प्रिंसिपल रीता आर्या ने रसोइया गूंजा देवी से इस बारे में सवाल किया तो दोनों में विवाद हो गया. पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई जो हाथापाई में बदल गई और देखते ही देखके स्कूल अखाड़े में बदल गया. 

मामला इतना बढ़ गया कि प्रिंसिपल और रसोइया लड़ते-लड़ते स्कूल के बाहर एक गड्ढे में जा गिरीं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों गड्ढे में एक दूसरे को मारती और पटकनी देती दिखाई दे रही हैं. वहीं, मौके पर मौजूद लोग दोनों को अलग करते हुए दिखाई दे रहे हैं.

प्रिंसिपल और रसोइया ने लगाए एक-दूसरे पर आरोप 

प्रिंसिपल रीता आर्या का आरोप है कि उन्हें चार्ज से हटाने के लिए रोज ऐसी हरकतें की जाती हैं. उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि रसोइया ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाती है और विद्यालय छोड़कर धर्म प्रचार में चली जाती है. वहीं, रसोईया गूंजा देवी ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल रीता खराब खाना बनाने को देती थी. रसोईया ने प्रिंसिपल पर टॉर्चर और गाली देने का भी आरोप लगाया. 

BSA ने दिए जांच के आदेश

BSA बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेन्द्र त्रिपाठी ने घटना को लेकर कहा कि वीडियो की जांच कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि मामले की दो खंड शिक्षा अधिकारियों से जांच कराई जा रही है. जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, BEO सावन दुबे ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि विद्यालय में इस तरह की घटनाएं शर्मनाक हैं. रसोइया और प्रिंसिपल के खिलाफ कड़ी कारवाई की जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag