नोएडा-ग्रेटर नोएडा में भीषण आग, शाहबेरी और सेक्टर-2 से उठे धुएं के गुबार
ग्रेटर नोएडा के शाहेबरी इलाके की फर्नीचर मार्केट में आग इतनी तेज फैली कि कुछ ही मिनटों में कई दुकानें चपेट में आ गईं। लोग जान बचाने के लिए दुकानों से बाहर भागे। दूर तक धुएं का गुबार दिख रहा था।

नई दिल्ली: शुक्रवार (15 मई 2026) को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आग की दो बड़ी घटनाओं से हड़कंप मच गया। शाहेबरी फर्नीचर मार्केट और सेक्टर-2 की एक फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। लपटों के साथ उठे काले धुएं ने आसमान ढक दिया और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी फैल गई।
शाहेबरी फर्नीचर मार्केट में मची भगदड़
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ग्रेटर नोएडा के शाहेबरी इलाके की फर्नीचर मार्केट में आग इतनी तेज फैली कि कुछ ही मिनटों में कई दुकानें चपेट में आ गईं। लोग जान बचाने के लिए दुकानों से बाहर भागे। दूर तक धुएं का गुबार दिख रहा था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की वजह अभी साफ नहीं है। यह पूरा इलाका बिसरख थाना क्षेत्र में आता है।
सेक्टर-2 की फैक्ट्री में भी लगी आग
दूसरी घटना नोएडा के सेक्टर-2 की है। थाना फेस-1 इलाके में सी-35 स्थित फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर टीन शेड में रखे सामान ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते काला धुआं आसमान में फैल गया। लोगों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर पूरी बिल्डिंग तुरंत खाली कराई गई।
दमकल की टीम ने पाया काबू
गौरतलब है कि फायर विभाग को खबर मिलते ही टीम दो फायर टेंडर के साथ पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात ये रही कि दोनों ही घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और फायर विभाग अब जांच कर रहे हैं कि आग कैसे लगी।
शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन जांच के बाद ही सच सामने आएगा। शुक्रवार को हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर बाजारों और फैक्ट्रियों में फायर सेफ्टी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है।


