मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के महावन के गांव खप्परपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है. मरने वालों में पति-पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं. पुलिस को शक है कि पांचों ने दूध में जहर मिलाकर एक साथ आत्महत्या कर ली है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, घर की रसोई की दीवार पर लिखा है, हम स्वयं आत्महत्या कर रहे हैं. पुलिस आत्महत्या के कारणों को जानने के लिए मनीष के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ में जुटी है.
मनीष के भतीजे ने बताया कि सुबह देर तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने गेट को तोड़ दिया. अंदर पहुंचे तो सभी लोगों की मौत हो चुकी थी. उसने बताया कि 2018 में मनीष और सीमा की शादी हुई थी. किसी प्रकार के विवाद का मामला सामने नहीं आ रहा है. किसी से लड़ाई झगड़े की बात से भी परिवार वाले इनकार कर रहे हैं.
पुलिस के अनुसार, शवों के पास दूध के गिलास मिले हैं. पुलिस को शक है कि पांचों ने दूध में जहर मिलाकर आत्महत्या कर ली है. पुलिस आत्महत्या के कारणों को जानने के लिए जांच में जुटी है. First Updated : Tuesday, 10 February 2026