वाराणसी: वाराणसी में मंगलवार देर रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए काशी रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित पुरानी 'अजगैब शहीद मजार' और उससे सटी मस्जिद को ध्वस्त कर दिया. यह कार्रवाई आधी रात के करीब शुरू हुई और भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी की गई. बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह निर्माण था, वहां भविष्य में मॉडल रेलवे स्टेशन विकसित किया जाना है.
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की गई. बुलडोजर की मदद से मजार और मस्जिद को हटाया गया तथा रात में ही मलबे को मौके से साफ कर दिया गया. इस भूमि को लेकर विवाद का मामला पिछले दो वर्षों से न्यायालय में विचाराधीन था.
कार्रवाई से पहले एसीपी शिवहरी मीणा अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया. इसके बाद मस्जिद के चारों ओर बैरिकेडिंग कराई गई और तीन बुलडोजर मौके पर बुलाए गए.
जब ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू हुई, उस समय पुलिस और पीएसी के सैकड़ों जवान तैनात रहे. सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे.
राजघाट स्थित काशी रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद 'अजगैब शहीद मजार', मस्जिद और कब्रिस्तान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मुस्लिम पक्ष का दावा था कि मस्जिद का इतिहास कई सौ वर्ष पुराना है.
वहीं प्रशासन का कहना था कि यह भूमि रेलवे की है और समय के साथ यहां अतिक्रमण कर मजार का निर्माण किया गया. बाद में उसी क्षेत्र में मस्जिद और कब्रिस्तान भी विकसित हो गए. प्रशासन के अनुसार, परिसर में मौजूद हनुमान मंदिर को भी पहले हटाया जा चुका था.
वर्ष 2024 में काशी मॉडल रेलवे स्टेशन परियोजना की योजना तैयार होने के बाद भूमि की पैमाइश कराई गई. इसी दौरान रेलवे भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया.
इसके बाद रेलवे प्रशासन ने संबंधित पक्षों को भूमि खाली करने के लिए कहा. मामला अदालत तक पहुंचा, जहां हाल ही में मजार पक्ष को राहत नहीं मिली और फैसला उनके खिलाफ गया.
अदालती प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेलवे की ओर से भूमि खाली करने का नोटिस जारी किया गया था. हालांकि, निर्धारित समय के भीतर जमीन खाली नहीं की गई.
इसके बाद प्रशासन ने मंगलवार देर रात कार्रवाई करते हुए मजार और मस्जिद को हटाने की प्रक्रिया पूरी की. प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में रात में ही मलबा हटाकर क्षेत्र को खाली करा लिया गया. First Updated : Wednesday, 03 June 2026