Prateek Yadav Last Rites: मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का आज होगा अंतिम संस्कार, फूलों से सजाया गया शव वाहन

प्रतीक यादव का बुधवार तड़के निधन हो गया. 38 वर्षीय प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे लखनऊ के बैकुंठधाम में किया जाएगा. उनके निधन से परिवार और समाजवादी पार्टी में शोक की लहर है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के निधन से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है. 38 वर्षीय प्रतीक यादव का बुधवार तड़के निधन हो गया. परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.  

प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे लखनऊ के बैकुंठधाम (भैंसाकुंड) में किया जाएगा. अंतिम यात्रा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और शव वाहन को फूलों से सजाया गया है. परिवार, रिश्तेदारों और समाजवादी पार्टी के नेताओं का घर पर पहुंचना लगातार जारी है. उनके निधन की खबर सामने आते ही समर्थकों में भी गहरा दुख देखने को मिला.

अपर्णा यादव ने साझा की अंतिम संस्कार की जानकारी

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी साझा की. उन्होंने लिखा,

"अत्यंत दुःख के साथ सूचित किया जाता है कि "पद्म विभूषण" पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के सुपुत्र एवं हम सभी के प्रिय प्रतीक यादव जी का अंतिम संस्कार कल प्रातः 11:00 बजे बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में संपन्न होगा."

उन्होंने आगे कहा कि इस दुखद घड़ी में सभी की गरिमामयी उपस्थिति प्रार्थनीय है. अपर्णा यादव की इस पोस्ट के बाद बड़ी संख्या में लोग श्रद्धांजलि संदेश साझा कर रहे हैं.

समाजवादी पार्टी में शोक की लहर

प्रतीक यादव के निधन से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच शोक का माहौल है. पार्टी से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुलायम सिंह यादव के परिवार को उत्तर प्रदेश की राजनीति में बेहद प्रभावशाली माना जाता है और ऐसे में प्रतीक यादव के असमय निधन ने सभी को भावुक कर दिया है.

लखनऊ स्थित आवास पर सुबह से ही समर्थकों और परिचितों का पहुंचना जारी है. अंतिम दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो