Banke Bihari Temple: वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर के प्रबंधन विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला सुनाते हुए खुद की ओर से एक समिति गठित की है. इस समिति की अध्यक्षता इलाहाबाद हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस अशोक कुमार करेंगे. आदेश के अनुसार, जब तक इलाहाबाद हाई कोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार के अध्यादेश पर फैसला नहीं देता, तब तक यह समिति मंदिर के दैनिक कार्यों की देखरेख करेगी. सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार को अपने अध्यादेश के तहत मंदिर प्रबंधन के लिए ट्रस्ट गठित करने से रोक दिया है और अध्यादेश के इस हिस्से पर रोक लगा दी है. यह निर्णय उस समय आया, जब उत्तर प्रदेश श्री बांके बिहारी जी मंदिर ट्रस्ट अध्यादेश, 2025 के तहत बनी समिति की कार्यवाही स्थगित की गई थी. पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने अध्यादेश की संवैधानिक वैधता पर दायर याचिका को इलाहाबाद हाई कोर्ट के पास भेजा था.