रायबरेली में तेज रफ्तार का कहर: गंगा एक्सप्रेसवे पर बेकाबू कार ने 8 लोगों को कुचला, 4 की मौत

रायबरेली के निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे लोगों को टक्कर मार दी. हादसे में चार युवतियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हैं. चालक कार छोड़कर फरार हो गया.

Shraddha Mishra

रायबरेली: रविवार की शाम रायबरेली में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने पैदल जा रहे लोगों को कुचल दिया. इस भयावह दुर्घटना में चार युवतियों की जान चली गई, जबकि चार अन्य घायल होकर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं. हादसे के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है.

पुलिस के अनुसार यह घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास हुई. कोडर गांव के निवासी चुली गांव में आयोजित एक सामुदायिक भोज में शामिल होकर लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि वे निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते से पैदल गुजर रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग दूर जा गिरे.

चार युवतियों की मौत

हादसे में 23 वर्षीय हिमांशी और 22 वर्षीय शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई. अन्य घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां 14 वर्षीय रश्मी और 22 वर्षीय आसमा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इस तरह इस हादसे में कुल चार युवतियों की जान चली गई. अचानक हुई इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है.

चार घायल, अस्पताल में इलाज जारी

दुर्घटना में रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (9), मीना (22) और रेशमा (14) घायल हुई हैं. सभी को जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है.

चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी

हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

प्रशासन ने लिया घटनास्थल का जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है. सीओ सिटी अरुण कुमार नौहवार ने भी पुष्टि की कि पैदल जा रही युवतियों को कार ने टक्कर मारी, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag