CM योगी का बड़ा ऐलान, एक ही साल में यूपी सरकार देगी 1.50 लाख से ज्यादा नोकरी

सीएम योगी ने बताया कि पिछले नौ साल में यूपी में नौ लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी गईं। ये किसी भी राज्य में सबसे ज्यादा नियुक्तियां हैं। वो भी पूरी तरह पारदर्शी तरीके से।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार (03 मई 2026) को लोकभवन में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में यूपी सरकार डेढ़ लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां देगी। मौका था 357 कनिष्ठ औषधि विश्लेषकों और 252 दंत स्वास्थ्य विज्ञानियों को नियुक्ति पत्र बांटने का। इस दौरान सीएम योगी ने 2017 से पहले की भर्तियों को लेकर सपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि तब भर्तियों में बेईमानी और भ्रष्टाचार ने यूपी को बीमारू राज्य बना दिया था।

यूपी ने बनाया नया रिकॉर्ड   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सीएम योगी ने बताया कि पिछले नौ साल में यूपी में नौ लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी गईं। ये किसी भी राज्य में सबसे ज्यादा नियुक्तियां हैं। वो भी पूरी तरह पारदर्शी तरीके से। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में डेढ़ लाख से अधिक भर्तियां पूरी की जाएंगी। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग 32 हजार से ज्यादा पद भरेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि शिक्षा सेवा चयन आयोग हजारों शिक्षकों की भर्ती करेगा। यूपी लोक सेवा आयोग को करीब 15 हजार भर्तियां करनी हैं। एसआई और होमगार्ड के 45 हजार पदों के लिए परीक्षा हो चुकी है। इसके अलावा 45 हजार पदों की और भर्ती प्रक्रिया चल रही है।

भर्ती में सेंध लगाने वालों को उम्रकैद   

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को साफ-सुथरा रखने के लिए सख्त कानून बनाया गया है। अगर कोई सेंधमारी करता है तो उसे आजीवन कारावास होगा। साथ ही उसकी पूरी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। 

योगी ने बताया कि नौ लाख भर्तियों में अकेले पुलिस विभाग में 2,20,000 से ज्यादा युवाओं को नौकरी मिली। प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बेहतर हुआ है। यूपी अब दंगामुक्त और गुंडामुक्त हो चुका है। इसी वजह से बड़े निवेश आ रहे हैं।

चाचा-भतीजे निकलते थे वसूली पर- योगी  

सीएम योगी ने 2017 से पहले के हालात याद दिलाए। उन्होंने कहा कि तब भर्ती बोर्ड के चेयरमैन एक तरफ बैठते थे और चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। बेईमान नेताओं और भ्रष्ट अफसरों को रोकने की शुरुआत खुद से करनी होगी। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, आयुष मंत्री दया शंकर मिश्रा दयालु और राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी मौजूद थे।

CM योगी ने सपा पर साधा निशाना 

CM योगी ने सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि 2017 से पहले हर भर्ती पर कोर्ट का स्टे लग जाता था। अदालतें कड़ी टिप्पणियां करती थीं। अपात्र लोग आयोग के चेयरमैन बन जाते थे। फर्जी डिग्री वाले चयन प्रक्रिया चलाते थे। पैसे के लेन-देन से भर्तियां प्रभावित होती थीं।

योग्य उम्मीदवारों को मौका नहीं मिलता था। सीएम ने कहा कि हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा पढ़-लिखकर आगे बढ़े। लेकिन जब नतीजे नहीं मिलते तो सिर्फ युवा के नहीं, पूरे परिवार के सपने टूटते हैं। किसी युवा के सपने टूटना आने वाली पीढ़ियों के साथ धोखा है।

हर मंडल में दवा जांच लैब, नमूनों की जांच तीन गुना बढ़ी   

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज यूपी में देश का सबसे अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर है। एक्सप्रेसवे, हाइवे सब मौजूद हैं। हर जिले में मेडिकल कॉलेज हैं। दो एम्स हैं। 2017 से पहले सब भगवान भरोसे था। खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग के पास पहले जांच के लिए लैब तक नहीं थीं।

अब हर मंडल में ए-ग्रेड की लैब है। पहले पांच लैब में सालभर में 12,000 नमूने लिए जाते थे। अब 55,000 नमूने लिए जा रहे हैं। 357 कनिष्ठ विश्लेषकों की भर्ती के बाद इनकी संख्या 44 से बढ़कर 401 हो गई है। खाद्य विश्लेषकों के 417 पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन भेजा गया है। अभी 36 हजार खाद्य नमूने लिए जाते हैं। भर्ती के बाद ये संख्या 1,08,000 से ज्यादा हो जाएगी।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो