'हमें 4 टिकट दो, हम VIP हैं, लाइन में नहीं खड़े होंगे' कर्नाटक के विधायकों ने IPL के लिए मांगा फ्री टिकट और स्पेशल सीट
कर्नाटक विधानसभा में IPL टिकट की मांग उठी है. विधायकों ने KSCA से खास मांग की है. उनका कहना है कि वे VIP है, उन्हें आम लोगों की तरह लाइन में खड़े होकर टिकट नहीं लेना है.

IPL 2026: कर्नाटक विधानसभा के मौजूदा सत्र में IPL टिकट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. अभी IPL का पहला मैच भी नहीं खेला गया है, लेकिन कर्नाटक के विधायकों ने राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) से खास टिकट मांगना शुरू कर दिया है. सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी BJP के विधायकों ने एक स्वर में कहा कि उन्हें मैच देखने के लिए सामान्य लाइन में नहीं खड़ा किया जाना चाहिए. कई विधायकों ने साफ कहा, “हम VIP हैं, लाइन में खड़े नहीं हो सकते.”
विपक्षी नेता का KSCA पर तीखा हमला
विपक्ष के नेता आर. अशोका ने विधानसभा में कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “हमने उन्हें 16.32 एकड़ जमीन महज 1,600 रुपये महीना किराए पर दी है, लेकिन वे हमें मैच टिकट देने के लिए हजारों रुपये वसूलते हैं. उनके पास करोड़ों रुपये हैं, फिर भी वे विधायकों को लूट रहे हैं.”
अशोका ने यह भी सवाल उठाया कि जब KSCA इतना पैसा कमा रहा है तो सरकार उनके लिए नया स्टेडियम क्यों बनाना चाहती है. उन्होंने कहा कि ऐसे संगठनों को सबक सिखाने की जरूरत है.
विधायकों की 4 टिकट की मांग
विधायकों की शिकायत है कि KSCA उन्हें अक्सर सिर्फ एक-एक टिकट देता है.उन्होंने मांग की कि जब कोई विधायक मैच देखने जाए तो उसे अपने परिवार सहित कम से कम चार टिकट दिए जाएं. विधानसभा अध्यक्ष यू. टी. खादर ने इस मुद्दे पर सहमति जताते हुए कहा कि सरकार को KSCA के साथ बात करके इस समस्या को सुलझाना चाहिए.
उप-मुख्यमंत्री का आश्वासन
उप-मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने सदन में विधायकों को आश्वासन दिया कि वे खुद KSCA अधिकारियों से बात करेंगे. उन्होंने कहा, “मैं विधायकों के नाम से KSCA अध्यक्ष से बात करूंगा. मैं भी वहां का सदस्य हूं. विधायकों को यह सुविधा मिलनी चाहिए.” शिवकुमार ने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह ‘सम्राट’ अशोक की ओर से अनुरोध है.
कांग्रेस विधायक का बयान
कांग्रेस विधायक विजयानंद कशप्पनवर ने मीडिया से बात करते हुए फिर दोहराया कि विधायक VIP होते हैं. उन्होंने कहा, “हमें टिकट के लिए आम लोगों की तरह लाइन में नहीं खड़ा किया जाना चाहिए.”
यह मुद्दा विधानसभा के अंदर उठने के बाद अब काफी चर्चा में है. KSCA से विधायकों को स्पेशल टिकट और बेहतर सीट देने की मांग को लेकर सरकार और क्रिकेट संघ के बीच बातचीत होने की संभावना है.


