Delhi NCR weather: दिल्ली-NCR में सर्दी के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं. राष्ट्रीय राजधानी में मौसम धीरे-धीरे गर्मी की ओर बढ़ रहा है. हाल ही में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली, लेकिन इससे तापमान में कोई विशेष गिरावट दर्ज नहीं हुई. अब आने वाले दिनों में बारिश की संभावना नहीं है, बल्कि तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्का कोहरा छा सकता है. 10 फरवरी तक आसमान में बादलों की हल्की आवाजाही बनी रहेगी, जबकि 8 फरवरी तक हवाओं की गति तेज रहने की संभावना है. हालांकि, इससे प्रदूषण स्तर में कोई खास सुधार नहीं होगा, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी रहेगी.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 6 और 7 फरवरी को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 8 से 10 फरवरी के दौरान अधिकतम तापमान बढ़कर 25 से 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है.
9 और 10 फरवरी को न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, लेकिन 11 फरवरी से गर्मी का असर तेज होने लगेगा. इस दिन अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. गुरुवार को हवाओं की गति 14 से 16 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जबकि शुक्रवार को यह घटकर 12 से 14 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. इसके बाद, हवा की रफ्तार धीरे-धीरे कम होती जाएगी, जिससे प्रदूषण में सुधार की उम्मीद कम है. First Updated : Thursday, 06 February 2025