देशभर में बदला मौसम का मिजाज, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें मौसम का ताजा अपडेट

भले ही देशभर में मानसून ने अपनी रफ्तार थोड़ी धीमी कर ली हो लेकिन मौसम विभाग ने आज भी बारिश का रंग जमाने की पूरी तैयारी कर ली है. उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. तो, छाता तैयार रखें.

calender

Weather Update: देशभर में मानसून की रफ्तार धीमी जरूर पड़ी है, लेकिन कुछ राज्यों में अभी भी बारिश का सिलसिला थमा नहीं है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 12 सितंबर के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है. राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी का असर लगातार बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार यहां फिलहाल बारिश की संभावना बेहद कम है और अगले कुछ दिनों तक तापमान में और इजाफा हो सकता है.

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का दौर जारी

दिल्ली और एनसीआर में बारिश थमती नजर आ रही है. पिछले 3-4 दिनों से गर्मी और उमस का असर बना हुआ है और मौसम विभाग की मानें तो यह स्थिति आने वाले 3-4 दिनों तक बनी रह सकती है. मौसम विभाग ने बताया आज बारिश या मौसम खराब होने का कोई अलर्ट नहीं है. तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

उत्तर प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 12 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. उनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मोरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, बस्ती, बलरामपुर, गोंडा और बहराइच शामिल हैं.
इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि कहीं-कहीं पर जलभराव और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है.

बिहार में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

बिहार में भी आज (12 सितंबर) के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. कई जिलों में आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है. जिन जिलों में खास तौर पर बारिश का असर दिख सकता है वे हैं – पश्चिम चंपारण, बांका, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, सारण और सिवान. इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है.

उत्तराखंड में मौसम का हाल

उत्तराखंड में 12 सितंबर को भी मौसम विभाग ने मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश से भूस्खलन और नदियों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई जा रही है. जिन जिलों में ज्यादा असर देखने को मिल सकता है, वे हैं – पिथौरागढ़, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, उधम सिंह नगर, चंपावत, टिहरी गढ़वाल, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग.
लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है.

झारखंड और जम्मू-कश्मीर 

मौसम विभाग ने झारखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए भी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दोनों ही राज्यों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश की संभावना जताई गई है. विशेषकर झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. First Updated : Saturday, 13 September 2025