दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज आंधी और बारिश का अलर्ट

देशभर में मौसम तेजी से बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन तेज हवाएं परेशानी भी बढ़ा सकती हैं.

calender

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा. इसके साथ ही कुछ इलाकों में तापमान में अस्थायी बढ़ोतरी भी दर्ज की जा सकती है.

राजधानी दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं. आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं लोगों को गर्मी से राहत दे सकती हैं, हालांकि शुरुआती दिनों में तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर बना रह सकता है.

उत्तर भारत में आंधी और बारिश का असर

आईएमडी के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बिजली कड़कने, 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. यह मौसमी बदलाव धीरे-धीरे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है.

विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि सप्ताह के अंत तक मैदानी इलाकों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश जारी

पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम पहले से ही सक्रिय बना हुआ है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ तेज हवाएं और व्यापक बारिश जारी रहने का अनुमान है.

वहीं, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी रुक-रुक कर बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.

मध्य और पश्चिमी हिस्सों में मिला-जुला असर

छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है. दूसरी ओर, तटीय महाराष्ट्र और केरल में गर्मी के साथ उमस लोगों को परेशान कर सकती है, जिससे मौसम चिपचिपा बना रहेगा.

तापमान में उतार-चढ़ाव

आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में पहले बढ़ोतरी होगी और उसके बाद यह स्थिर हो जाएगा. वहीं, कुछ क्षेत्रों में शुरुआती बढ़त के बाद तापमान में हल्की गिरावट भी देखने को मिल सकती है.

दिल्ली का मौसम

राजधानी दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. दिनभर गरज के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है और तेज हवाएं चलने के आसार हैं. फिलहाल तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में इसके सामान्य स्तर के करीब पहुंचने की उम्मीद है. First Updated : Friday, 27 March 2026