14 जुलाई का मौसम: IMD ने बिहार-ओडिशा में जारी किया भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के मुताबिक मंगलवार 14 जुलाई को देश के ज्यादातर हिस्सों में मॉनसून एक्टिव रहेगा। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश सबसे ज्यादा होगी।

नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के मुताबिक मंगलवार 14 जुलाई को देश के ज्यादातर हिस्सों में मॉनसून एक्टिव रहेगा। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश सबसे ज्यादा होगी। वहीं उत्तर भारत में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ राज्यों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश
IMD ने बिहार के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। ओडिशा में भी लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। सिक्किम में भी कई जगहों पर भारी वर्षा के आसार हैं।
झारखंड में बादल गरजने के साथ बारिश होगी। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मॉनसून का असर तेज रहेगा। इन राज्यों में कुछ जगहों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
उत्तर और मध्य भारत: कहीं हल्की, कहीं तेज बारिश
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होगी। उत्तराखंड के कुछ पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश संभव है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी बारिश जारी रहेगी। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।
यूपी और राजस्थान में उमस बढ़ेगी
उत्तर प्रदेश में मॉनसून फिलहाल कमजोर है। बंगाल की खाड़ी का अवदाब कमजोर हो गया है और मॉनसूनी द्रोणी उत्तर की ओर खिसक गई है। इसकी वजह से अगले 3-4 दिन तक प्रदेश में उमस भरी गर्मी रहेगी। ज्यादातर इलाकों में सिर्फ हल्की या छिटपुट बारिश होगी। लखनऊ में सोमवार को अधिकतम 36.9°C और न्यूनतम 28.2°C तापमान दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में नई हलचल बनने पर फिर बारिश तेज हो सकती है। राजस्थान में भी मॉनसून का पहला चरण कमजोर पड़ गया है। अगले एक हफ्ते तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्से सूखे रहेंगे। जोधपुर और बीकानेर संभाग में बारिश कम होगी। 14-15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में भी 5-6 दिन मौसम साफ रहने के आसार हैं।
पश्चिम और दक्षिण भारत का हाल
गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में कहीं-कहीं बारिश होगी। सबसे ज्यादा बारिश कोंकण क्षेत्र में होने की संभावना है। दक्षिण में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है।
आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में बादल छाए रहेंगे। IMD ने भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और ट्रैफिक बाधित होने की आशंका जताई है। लोगों से सतर्क रहने और मौसम अपडेट फॉलो करने की अपील की गई है।


