Weather Update Today: जनवरी के अंतिम दिनों में दिल्ली और अन्य राज्यों में धूप का असर तेज दिख रहा है. हालांकि, मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले सप्ताह से मौसम करवट लेगा और कई राज्यों में बारिश हो सकती है. विभाग के मुताबिक पूरे देश में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे सर्दी फिर से लौट सकती है. फरवरी का आगाज पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के साथ होगा. बिहार, झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में फरवरी के पहले सप्ताह में अच्छी बारिश की संभावना है.
बारिश और कोहरे का रहेगा असर
आपको बता दें कि मौसम विभाग ने बताया कि 29 जनवरी के बाद पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं. उत्तर प्रदेश, बिहार, नागालैंड और पूर्वोत्तर राज्यों में घने कोहरे की संभावना जताई गई है. मौसम में यह बदलाव दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण होगा. पहला पश्चिमी विक्षोभ 29 जनवरी से सक्रिय होगा, जबकि दूसरा विक्षोभ 1 फरवरी तक सक्रिय हो सकता है. इनकी वजह से कई इलाकों में भारी बारिश और सर्द हवाएं चलने की संभावना है.
उत्तर भारत में ठंड बढ़ेगी
वहीं आपको बता दें कि 29 जनवरी से 1 फरवरी तक पहाड़ी राज्यों में बारिश का दौर रहेगा. वहीं, मैदानी इलाकों में 30 जनवरी से बारिश की संभावना है. उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ सकता है. दिल्ली में 27 जनवरी को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री रहेगा. 28 और 29 जनवरी को दिन का तापमान 24 डिग्री और रात का तापमान 8 से 9 डिग्री तक रह सकता है.
यूपी और अन्य राज्यों का हाल
बताते चले कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी और मेरठ समेत कई जिलों में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का अनुमान है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. राजस्थान में अगले तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड जारी रहेगी. पश्चिम बंगाल में अगले सात दिनों तक धूप खिली रहेगी और बारिश की कोई संभावना नहीं है. First Updated : Monday, 27 January 2025