आगरा घूमने वालों की बल्ले-बल्ले! इस खास दिन पर्यटकों को मिलेगा मुफ्त प्रवेश, नहीं लगेगा एंट्री टिकट

बकरीद पर ताजमहल घूमने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है. 28 मई को सुबह 7 से 10 बजे तक भारतीय और विदेशी पर्यटक बिना टिकट ताजमहल में एंट्री कर सकेंगे. इस दौरान भारतीयों के 50 रुपये और विदेशी सैलानियों के 1100 रुपये शुल्क पूरी तरह माफ रहेंगे.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

उत्तर प्रदेश: ईद-उल-अजहा यानी बकरीद के मौके पर उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित विश्व प्रसिद्ध ताजमहल में पर्यटकों को बड़ी राहत दी गई है. 28 मई, गुरुवार को सुबह 7 बजे से 10 बजे तक भारतीय और विदेशी पर्यटक बिना टिकट ताजमहल परिसर में प्रवेश कर सकेंगे. इस फैसले से देश-विदेश से आने वाले सैलानियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

ताजमहल प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस दौरान भारतीय पर्यटकों का 50 रुपये और विदेशी पर्यटकों का 1100 रुपये का प्रवेश शुल्क पूरी तरह माफ रहेगा. हालांकि मुख्य मकबरे में प्रवेश के लिए लगने वाला 200 रुपये का अतिरिक्त टिकट पहले की तरह लागू रहेगा.

कैसे फ्री में प्रवेश कर सकेंगे पर्यटक?

ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षक सहायक कलंदर ने फोन पर बताया कि अधीक्षण पुरातत्वविद् के आदेश के अनुसार यह विशेष छूट केवल स्मारक परिसर में प्रवेश के लिए दी जा रही है. मुख्य मकबरे के अंदर जाने के लिए पर्यटकों को अलग से टिकट लेना होगा. उन्होंने कहा कि हर साल बकरीद के अवसर पर इसी तरह की व्यवस्था लागू की जाती है.

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए खास इंतजाम

बकरीद के मौके पर बड़ी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं. प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी. साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग लाइन व्यवस्था भी बनाई जाएगी ताकि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

 कब और मिलती है छूट?

गौरतलब है कि ताजमहल में उर्स के दौरान भी तीन दिनों तक निशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाती है. इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस यानी वुमेन्स डे पर भी पर्यटकों को फ्री एंट्री मिल चुकी है. ऐसे विशेष अवसरों पर ताजमहल में भारी भीड़ उमड़ती है, जिसके चलते प्रशासन को अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं.

सुबह 10 बजे के बाद लागू होंगे सामान्य नियम

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकरीद के दिन सुबह 10 बजे के बाद ताजमहल में प्रवेश सामान्य नियमों के अनुसार ही होगा. वहीं तीन घंटे की इस विशेष छूट के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो