होर्मुज पर ईरान का कब्जा नहीं: अमेरिकी सेना का बड़ा बयान, जहाजों की आवाजाही जारी!
रविवार को IRGC की नौसेना ने दावा किया था कि उसने होर्मुज को "अगले आदेश तक" बंद कर दिया है। वजह बताई गई कि एक जहाज बिना मंजूरी के रास्ते पर चला और उसने सिस्टम बंद कर दिए थे।

नई दिल्ली: तेहरान और वॉशिंगटन के बीच तनाव के बीच अमेरिका ने साफ कर दिया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह खुला है। US सेंट्रल कमांड ने कहा कि ईरान के दावों के बावजूद इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग से जहाजों की आवाजाही सामान्य है और अमेरिकी सेनाएं नेविगेशन की आजादी सुनिश्चित करने के लिए तैनात हैं।
US सेंट्रल कमांड ने क्या कहा?
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बयान जारी कर कहा, "होर्मुज जलडमरूमध्य उन सभी जहाजों के लिए खुला है जो कानून के अनुसार गुजरना चाहते हैं। ईरान की आक्रामकता, धमकियों और मनमाने बयानों के बावजूद हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां आवाजाही बनी रहे। ईरान का इस जलडमरूमध्य पर कोई नियंत्रण नहीं है।" कमांड ने यह भी कहा कि क्षेत्र में अमेरिकी सेनाएं अलर्ट पर हैं और किसी भी तरह की बेवजह की हरकत का जवाब देने को तैयार हैं।
ईरान ने बंद करने का किया था ऐलान
रविवार को IRGC की नौसेना ने दावा किया था कि उसने होर्मुज को "अगले आदेश तक" बंद कर दिया है। वजह बताई गई कि एक जहाज बिना मंजूरी के रास्ते पर चला और उसने सिस्टम बंद कर दिए थे।
The Strait of Hormuz is open to all vessels seeking to lawfully transit the international waterway. U.S. forces are positioned and prepared to ensure that freedom of navigation remains available despite unwarranted Iranian aggression, harassment, threats, and arbitrary… pic.twitter.com/FS3TUBOZEj
— U.S. Central Command (@CENTCOM) July 12, 2026
IRGC के बयान में कहा गया कि कई जहाजों ने चेतावनी के बावजूद गलत रास्ते से गुजरने की कोशिश की। नौसेना ने चेतावनी दी कि ईरान के खिलाफ कोई भी आक्रामक कदम उठाया गया तो उसका कड़ा जवाब मिलेगा और क्षेत्र में दुश्मन के नए ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा। हालांकि बयान में उस जहाज का नाम या झंडा नहीं बताया गया।
ओमान के पास जहाज पर हमला, 23 क्रू बचाए गए
इसी दिन ओमान के पूर्वी तट के पास एक कमर्शियल जहाज पर हमला हुआ। ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने बताया कि साइप्रस के झंडे वाले जहाज 'GFS गैलेक्सी' से मदद का सिग्नल मिला। जहाज मुसंदम गवर्नरेट के तट से 4.4 नॉटिकल मील दूर था।
ओमान ने 23 क्रू सदस्यों को बचा लिया और उन्हें मेडिकल मदद दी। एक क्रू सदस्य अब भी लापता है। US सेंट्रल कमांड के अनुसार आग लगने और इंजन रूम में नुकसान की वजह से जहाज बेकार हो गया। कमांड ने हमले के लिए तेहरान को जिम्मेदार ठहराया।
भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया कि जहाज पर 11 भारतीय सवार थे, जिनमें से 10 को बचा लिया गया है। एक की तलाश जारी है। UKMTO ने कहा कि क्रू ने जहाज छोड़ दिया था और वे ओमान से करीब 17 किलोमीटर दूर एक लाइफबोट में थे। होर्मुज दुनिया के सबसे अहम तेल रूट में से एक है। ईरान के बंद करने के दावे और अमेरिका के "खुला है" वाले बयान से क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। अभी सभी पक्षों की नजर इस जलमार्ग पर बनी हुई है।


