मुर्शिदाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने भाजपा पर बंगाल को खत्म करने की साजिश रचने का आरोप लगाया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लेते हुए ममता ने दावा किया कि अधिकारी धमकाए जा रहे हैं और वोटर लिस्ट में हेरफेर की जा रही है.
ममता बनर्जी ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भाजपा में हिम्मत है तो खुलकर चुनाव लड़ें. उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट से नाम काटने की कोशिश लोगों को डराने का हिस्सा है.
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में वापसी करती है तो किसानों के लिए अलग बजट पेश किया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि विकास कार्यों को धीमा करने के लिए करीब 500 अधिकारियों को हटा दिया गया है.
ममता ने कहा कि आप एक महीने के लिए काम बंद कर सकते हैं, लेकिन चुनाव के बाद सब कुछ फिर से शुरू हो जाएगा. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि चुनाव के बाद सभी विकास परियोजनाएं फिर से तेज गति से शुरू हो जाएंगी.
ममता बनर्जी ने फरक्का समेत विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया. उन्होंने अल्पसंख्यक समुदायों के लिए सड़कों और सामुदायिक हॉल बनाने की बात कही. मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार सभी धर्मों के लोगों के लिए काम करती है और विभाजनकारी राजनीति में विश्वास नहीं रखती.
समशेरगंज में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में नहीं आई तो बंगाली भाषा और पहचान खतरे में पड़ जाएगी. उन्होंने आगे कहा, अगर टीएमसी को दोबारा सत्ता में नहीं लाया गया, तो भाजपा बंगाली भाषा को दफना देगी.
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होने हैं. पहला चरण: 23 अप्रैल को मतदान होगा.
दूसरा चरण: 29 अप्रैल को मतदान होगा. मतगणना 4 मई को होगी.
पुरुलिया, बांकुरा, झाड़ग्राम, बीरभूम, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, पश्चिम बर्धमान, दार्जिलिंग, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, कालिम्पोंग.
पूर्व बर्धमान, नदिया, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, कोलकाता. First Updated : Sunday, 05 April 2026