‘मुझे अमेरिका के कुछ लोगों की परवाह नहीं’, ट्रंप ने क्यों की शी जिनपिंग की खुलकर तारीफ?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह दो दिवसीय चीन दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. यात्रा से पहले ही ट्रंप ने साफ कर दिया था कि वह चीन पर अमेरिकी उद्योगों के लिए अपने बाजार खोलने का दबाव बनाएंगे. दोनों देशों के बीच कई बड़े और पेचीदा मुद्दों पर चर्चा होने वाली है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दो दिवसीय दौरे पर चीन पहुंच गए हैं, जहां चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उनका गर्मजोशी और भव्य अंदाज में स्वागत किया. यह यात्रा पहले मार्च में प्रस्तावित थी, लेकिन ईरान युद्ध के चलते इसे टाल दिया गया था. ट्रंप की यह यात्रा इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि राष्ट्रपति के रूप में वह आखिरी बार 2017 में चीन गए थे.

इस बार ट्रंप ऐसे चीन पहुंचे हैं, जो पहले के मुकाबले ज्यादा मुखर और वैश्विक स्तर पर खुद को मजबूत शक्ति के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहा है. बीजिंग में दोनों नेताओं के बीच मुलाकात को दुनिया की नजरों से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इस दौरान कई वैश्विक और आर्थिक मुद्दों पर चर्चा होनी है.

ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में हुआ भव्य स्वागत

बीजिंग स्थित ‘ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल’ में डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत के लिए विशेष समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान अमेरिका और चीन के राष्ट्रगान बजाए गए और दोनों नेताओं ने रेड कार्पेट पर चलते हुए सैन्य गार्ड का निरीक्षण किया. समारोह में मौजूद बच्चों ने फूलों के साथ दोनों नेताओं का स्वागत किया. पूरे आयोजन को चीन की ओर से शक्ति और कूटनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है.

ट्रंप बोले- अब तक का सबसे बड़ा शिखर सम्मेलन

डोनाल्ड ट्रंप ने शी जिनपिंग के साथ अपनी मुलाकात को अब तक का सबसे बड़ा शिखर सम्मेलन बताया. दोनों नेताओं ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडलों के साथ द्विपक्षीय बातचीत की शुरुआत की. ट्रंप ने शी जिनपिंग के साथ अपने व्यक्तिगत रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि उनसे मिलना उनके लिए सम्मान की बात है. उन्होंने शी को अपना दोस्त बताया और कहा कि आने वाले समय में चीन और अमेरिका के रिश्ते पहले से ज्यादा मजबूत होंगे.

शी जिनपिंग ने संबंधों में स्थिरता पर दिया जोर

शिखर वार्ता के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अमेरिका और चीन के बीच स्थिर संबंधों की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के साझा हित उनके मतभेदों से कहीं ज्यादा बड़े हैं. शी जिनपिंग ने कहा कि दोनों देशों की सफलता एक-दूसरे के लिए नए अवसर पैदा करती है और स्थिर द्विपक्षीय संबंध पूरी दुनिया के हित में हैं. उन्होंने वैश्विक मुद्दों पर ट्रंप के साथ व्यापक चर्चा की इच्छा भी जताई.

US के कुछ लोगों की परवाह नहीं मुझे

बीजिंग में बातचीत के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने शी जिनपिंग की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि चीनी नेता के साथ उनके बेहद शानदार रिश्ते हैं और दोनों देशों के संबंध पहले से भी बेहतर होने वाले हैं. ट्रंप ने कहा, 'US के कुछ लोगों की परवाह नहीं मुझे', और शी जिनपिंग को एक महान देश का महान नेता बताया. उन्होंने कहा कि आलोचनाओं के बावजूद वह यह बात खुले तौर पर कहने में विश्वास रखते हैं.

कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

डोनाल्ड ट्रंप का यह दो दिवसीय दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बातचीत के एजेंडे में कई जटिल और रणनीतिक मुद्दे शामिल हैं. चीन पहुंचने से पहले ट्रंप ने स्पष्ट किया था कि वह अमेरिकी उद्योगों के लिए चीन के बाजार को और अधिक खोलने की मांग उठाएंगे. माना जा रहा है कि व्यापार, वैश्विक राजनीति और आर्थिक सहयोग इस शिखर वार्ता के प्रमुख विषय रहेंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो